रामपुर कूच के दौरान बरेली में गरजे अखिलेश बोले सरकार एक को बचा रही, एक को फंसा रही Bareilly News
कहा कि सरकार एक तरफ किसी को बचा रही है तो दूसरी तरफ किसी को फंसा रही है। रामपुर और शाहजहांपुर में क्या चल रहा है यह आप सब देख रहे हैं।
बरेली, जेएनएन : आशंकाओं और अटकलों पर विराम लग गया। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शाहजहांपुर-बरेली होते हुए रामपुर पहुंच गए। प्रशासन ने न तो उन्हें और न काफिले में साथ जाने वाले नेताओं को रोका। नौ सितंबर को जब उनका दौरा प्रस्तावित हुआ था तो प्रशासन ने मुहर्रम के चलते रामपुर जाने की अनुमति नहीं दी थी। लिहाजा दौरा निरस्त हो गया था।
शुक्रवार को अखिलेश यादव निर्धारित समय से आधा घंटा देरी से करीब चार बजे फरीदपुर पहुंचे। वहां मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि सरकार एक तरफ किसी को बचा रही है तो दूसरी तरफ किसी को फंसा रही है। रामपुर और शाहजहांपुर में क्या चल रहा है, यह आप सब देख रहे हैं। उनका इशारा आजम खां और चिन्मयानंद की तरफ था। इशारों में कहा कि प्रदेश सरकार आजम खां को बेवजह परेशान कर रही जबकि चिन्मयानंद को बचाने में लगी है। इसके बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि कश्मीर में 50-60 लाख लोगों को कैद कर रखा है। लोगों की आजादी छीन ली गई है। अगर यही हालात रहे तो वह दिन दूर नहीं जब हमारी भी यही हालत होगी। इसके बाद वहां से निकले तो इन्वर्टिस तिराहा पर बरेली जिला व महानगर के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। वह शाम करीब सवा सात बजे मीरगंज से मिलक होकर रामपुर निकल गए। बरेली से बड़े सपा नेता उनके साथ गए। वापसी में शनिवार या फिर रविवार जब भी लौटेंगे, सर्किट हाउस में विश्रम के बाद लखनऊ के लिए निकलेंगे।
जेलें बनाओ, हम जेल जाने को तैयार : अखिलेश
उत्तर प्रदेश पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सांसद आजम खां पर दर्ज मुकदमों को लेकर कहा कि भाजपा वालों तुम जेलें बनाओ, हम जेल जाने को तैयार हैं। वह शुक्रवार देर रात बरेली से सांसद आजम खां के हमसफर रिसॉर्ट में पहुंचे। जनसभा में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, जब भी हम जेल गए हैं, तब हमारी सरकार बनी है। आजादी के बाद अगर किसी नेता पर सबसे ज्यादा मुकदमे दर्ज किए गए तो वह नेताजी मुलायम सिंह यादव हैं, जिनके खिलाफ एक ही रात में 100 से ज्यादा मुकदमे दर्ज करा दिए गए थे। अब आजम खां के खिलाफ इतने मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि आजम खां से हमारा कोई सियासी रिश्ता नहीं, बल्कि पारिवारिक रिश्ता है।