UP Lok Sabha Election results 2019: अखिलेश यादव बोले, सब पता है-किस किसने धोखा किया
लोकसभा चुनाव के बाद सपा में हार को लेकर घमासान मचा हुआ है। हार के कारणों की समीक्षा की जा रही है।
बरेली, जेएनएन। UP Lok Sabha Election results 2019 के बाद भाजपा में जश्न का माहौल है तो विपक्षी दलों में हार के कारणों पर मंथन चल रहा है। नतीजे सपा-बसपा गठबंधन के लिए बड़ा सदमा हैं। बरेली में क्यों हार मिली, यह जानने के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यहां के उम्मीदवार को लखनऊ बुला लिया। उनसे चुनाव पर विस्तार से चर्चा की। बेहिचक कहा कि उन्हें सब पता है, किस किसने धोखा किया है। इससे स्थानीय नेताओं पर एक्शन की चर्चा तेज हो गई है।
सपा अध्यक्ष ने की लंबी बातचीत पार्टी के मुखिया ने सपा प्रत्याशी से तमाम कारणों को लेकर लंबी बात की। साफ हुआ कि एक तो अपनों ने मुखालफत की। दूसरे पार्टी के कुछ अहम लोगों ने चुनाव में दिलचस्पी नहीं ली, जिससे सपा के असर वाले इलाकों में मतदान का फीसद काफी कम रह गया। सपा नेता जितनी उम्मीद कर रहे थे, उससे काफी कम वोट मिले।
एक नेता ने खुलकर की मुखालफत
चुनाव के दौरान एक नेता ने भगवत सरन गंगवार को हरवाने के लिए पूरा जोर लगा दिया। अपनी बिरादरी के असरदार नेताओं को मतदान से पहले दावत पर बुलाकर उनसे एक दूसरी पार्टी के हक में वोट डलवाने के लिए कहा। इस बात का चर्चा चुनाव के दौरान ही तेज हो गया था। तब लखनऊ के स्तर से हस्तक्षेप भी किया गया लेकिन, बात नहीं बनी।
नतीजों ने लगाई विरोध पर मुहर
सपा प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार का भी मानना है कि जिस तरह गठबंधन के हक में हवा थी, उतना वोट नहीं मिला। जिन इलाकों में हमें वोट पड़े वहां मतदान का प्रतिशत कम रहा। जिन पार्टी नेताओं पर जिम्मेदारी थी, ठीक से पूरी नहीं हुई। इससे इतर भाजपा के असर वाले इलाकों में ज्यादा मतदान हुआ। राष्ट््रीय अध्यक्ष की जानकारी में भी यह बात है।
भाजपा जैसी तैयारी पर जोर
राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार की बातचीत में यह जिक्र भी आया कि जिस तरह से चुनाव में भाजपा की तैयारी दिखी, वैसी हमारी नहीं थी। आगे भी उनसे मुकाबला करने के लिए तैयारियां जोरदार तरीके से करना होंगी, तभी जीत पाएंगे।
संगठन के बारे में भी ली जानकारी
सपा मुखिया ने सपा प्रत्याशी से भंग जिला व महानगर इकाई को लेकर भी चर्चा की। बड़े पदाधिकारियों के नाम लेकर पूछताछ की गई। भविष्य में संगठन की रूपरेखा कैसी होना चाहिए, उस भी चर्चा हुई।
भगवत बोले- अपनी बात रख आया हूं
सपा प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार ने बताया कि चुनाव पर बातचीत करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने लखनऊ बुलाया था। किसने क्या किया है, उन्हें पहले से जानकारी थी। अपनी बात रख आया हूं। बताया आया हूं कि कहां कमी रह गई।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप