Exclusive interview: Santosh Gangwar -हवा में होगी उड़ान, लाल फाटक पुल से दौड़ेंगे वाहन
विपक्ष ने चुनाव के दौरान उन कामों को मुद्दा बनाया जो तमाम वायदों के बाद लंबे समय से लटके हुए हैैं।
जेएनएन, बरेली : विपक्ष ने चुनाव के दौरान उन कामों को मुद्दा बनाया, जो तमाम वायदों के बाद लंबे समय से लटके हुए हैैं। भाषणों और सोशल मीडिया के जरिये तमाम कटाक्ष किए। इसके बावजूद बरेली से संतोष गंगवार और आंवला से धर्मेंद्र कश्यप एक बार फिर चुनाव जीत गए।
जागरण संवाददाता अविनाश चौबे ने जब दोनों सांसदों से अटके कामों पर बात की तो उन्होंने देरी की बात स्वीकारते हुए जल्द कामों के पूरा होने की उम्मीद जताई। संतोष गंगवार ने कहा कि हवाई सेवा के लिए आज ही से प्रयास शुरू कर दिए हैैं। धर्मेंद्र कश्यप का कहना था कि पहला काम लाल फाटक पुल के रोड़े दूर कराने का रहेगा।
संतोष गंगवार
प्रश्न: हवाई अड्डा बन चुका है। हवाई यात्रा की शुरुआत कब से होगी?
उत्तर: पहले जिस कंपनी को यहां से हवाई सेवा के लिए जिम्मेदारी दी गई। वह अपने वित्तीय संकट के चलते हवाई सेवा शुरू नहीं कर पा रही है। अब दूसरी कंपनियों से बातचीत चल रही है। जल्द शहर से हवाई यात्रा का सपना पूरा होगा। प्रयास शुरू कर दिए हैैं।
प्रश्न: चुनाव से पूर्व रबर फैक्ट्री की खाली जमीन पर इंडस्ट्रियल हब बनाने की बात कही थी। इसमें किस प्रकार की इंडस्ट्री लगाई जाएगी?
उत्तर: रबर फैक्ट्री की खाली जमीन पर इंडस्ट्रियल हब के प्रस्ताव पर सबसे पहले प्रदेश सरकार से चर्चा करेंगे। यह प्राथमिकता में है। इससे शहर के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर यहीं पर मुहैया हो सकें।
प्रश्न: सांसद बनने के बाद शहर के विकास के लिए आपकी प्राथमिकताएं क्या रहेंगी?
उत्तर: जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत बीते पांच वर्षों में हुए विकास कार्यों के लिए दिया है। अगले पांच वर्ष भी सिर्फ विकास पर बात होगी। कोशिश रहेगी समाज के हर व्यक्ति को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले। जागरण संवाद में लोगों के दिए सुझावों पर भी गंभीरता से विचार होगा।
धर्मेंद्र कश्यप
प्रश्न: लाल फाटक पुल का निर्माण कब तक पूरा होगा?
उत्तर: क्षेत्र की जनता से पिछले चुनाव में इस पुल का वायदा किया था। मतदाताओं से कहा था कि यदि पुल बनना शुरू नहीं हुआ, तो आपके पास वोट मांगने नहीं आऊंगा। क्षेत्र की जनता से किया वायदा आधा पूरा हो चुका है। वर्तमान में 70 फीसदी काम भी पूरा हो चुका है। सैन्य क्षेत्र में जमीन की कमी का पेच फंसा है। उसका समाधान भी आने वाले दिनों में कराएंगे।
प्रश्न: आंवला के रामनगर में पर्यटन की संभावनाएं है। आपके स्तर से इसके लिए क्या प्रयास किए जाएंगे?
उत्तर: यह सही बात है कि रामनगर में पर्यटन की संभावनाएं है। यहां किला के साथ ही जैन मंदिर भी है, जहां प्रतिवर्ष एक बड़ा आयोजन भी होता है। शपथ ग्रहण के बाद इसका प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजेंगे। इससे अगले पांच वर्ष में यह पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो। शहर का नाम पर्यटन के नक्शे पर भी चमके, जिससे क्षेत्र का विकास भी गति पकड़ेगा।
प्रश्न: क्षेत्र में चीनी मिल की स्थापना की मांग लंबे से चल रही है। इसके लिए क्या प्रयास किए जाएंगे?
उत्तर: केंद्र की भाजपा सरकार शुरू से किसान हितैषी रही है। किसानों की दोगुनी आय पीएम मोदी की पहली प्राथमिकता है। क्षेत्र के गन्ना किसानों की चीनी मिल की मांग के बारे में पता है। शपथ ग्रहण के बाद सरकार को इसका प्रस्ताव बनाकर भेजेंगे। कोशिश रहेगी कि क्षेत्र में जल्द से जल्द नई शुगर मिल शुरू हो सके, जिससे गन्ना किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए भटकना नहीं पड़े।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप