Inspection: एडीएम को हेल्प डेस्क पर न बैनर और न रजिस्टर मिला
तमाम सतर्कता के तामझाम के बावजूद कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। नगर पंचायत मीरगंज के कार्यालय में बनी हेल्पडेस्क पर एडीएम प्रशासन वीके सिंह को न तो बैनर लगा मिला।
बरेली, जेएनएन : तमाम सतर्कता के तामझाम के बावजूद कर्मचारी मनमानी कर रहे हैं। नगर पंचायत मीरगंज के कार्यालय में बनी हेल्पडेस्क पर एडीएम प्रशासन वीके सिंह को न तो बैनर लगा मिला। न ही रजिस्टर व्यवस्थित था। उन्होंने पूछा कि ऐसे लोग कैसे समझ सकेंगे। क्या इतनी व्यवस्था भी आप लोग नहीं कर सकते हैं।
एडीएम प्रशासन वीके सिंह के निरीक्षण में अधिशासी अधिकारी गणेश चंद्र त्रिपाठी, चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके मिश्रा समेत कर्मचारी मौजूद थे। यहां हेल्पडेस्क पर कोई बैनर नहीं लगा मिला। रजिस्टर भी नहीं बना हुआ था। एडीएम प्रशासन ने तत्काल व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। नगर पंचायत परिसर में गंदगी मिली। लंबी झाड़ियां उगी हुई थी। नगर पंचायत में मुख्यमार्ग की नालियों पर सफाई चल रही थी। नगर पंचायत परिसर में एक ओवरहेड टैंक भी खराब मिला। निरीक्षण में सामने आया कि नगर पंचायत समिति के पास आक्सीमीटर और थर्मल स्कैनिंग मशीनें नहीं है। नगर पंचायत के राजेंद्र नगर वार्ड नंबर 5 में एक परिवार के सदस्यों की कोई जांच नहीं हुई थी। जबकि उनके परिवारों के एक-एक सदस्य को कोरोना संक्रमण की पुष्टी हुई थी। एडीएम ने तत्काल एंटीजन किट की मदद से जांच करवाई। गनीमत रही कि सभी निगेटिव आए। चिकित्सा अधिकारी से पूछा कि पंचायत में कुल कितने लोग हैं, कितने लोगों का सर्वे किया जा चुका है। वह जवाब नहीं दे सके। उन्हें अपनी रिपोर्ट दुरुस्त रखने के निर्देश दिए है।