अगवा कर पहले किया दुष्कर्म, फिर नशा देकर किया निकाह Bareilly News
बारादरी क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी को दो अक्टूबर को अगवा कर बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया। आरोपित युवक ने नशा देकर नाबालिग से निकाह किया।
जेएनएन, बरेली : बारादरी क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी को दो अक्टूबर को अगवा कर बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया। आरोपित युवक ने नशा देकर नाबालिग से निकाह किया। दो दिन तक आरोपित की कैद में रही पीड़िता किसी तरह छूटकर घर पहुंची। किशोरी के परिजन शिकायत करने पहुंचे तो उन्हें धमकी देकर भगा दिया गया। पीड़िता के पिता ने चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अब आरोपित फरार हैं।
नशे में किया निकाह
पीड़िता पुराना शहर के एक मुहल्ला निवासी है। पिता के मुताबिक दो अक्टूबर की दोपहर बेटी सहेली के घर जाने के लिए निकली थी। आरोप है कि रास्ते में उसे एक युवक जबरन पकड़कर घर ले गया। वहां दो दिन तक रखकर बेटी के साथ दुष्कर्म किया। जबरन निकाह करने की बात कही। विरोध करने पर बेटी को नशा दिया। तब निकाह करा लिया। होश आने पर अपने पैरों में मेहंदी लगी दिखने पर लड़की ने पूछा तब निकाह होना बताया गया।
बेटी को दो दिन खोजते रहे माता-पिता
अचानक लापता होने पर किशोरी के माता-पिता उसे मुहल्ले और रिश्तेदारियों में खोजते रहे। कहीं से भी पता नहीं चला। हालांकि, पुलिस के पास सूचना नहीं थी। लड़की के खुद पहुंचने पर उसके साथ हुई घटना का पता चला।
मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपित अभी फरार हैं। उन्हें तलाश कर रहे हैं।
- राहुल सिंह, इंस्पेक्टर बारादरी