प्रेम विवाह से नाराज घरवालों ने युवती को सरेराह डंडों से पीटा और ससुराल से जबरन उठा ले गए
बरेली में प्रेम विवाह करने से नाराज परिवारीजन ने युवती का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। युवती के विरोध करने पर डंडों से उसकी और उसके पति की पिटाई की गई।
बरेली, जेएनएन। घर वालों की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह करने से नाराज परिवारीजन ने युवती का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया। युवती के विरोध करने पर डंडों से उसकी और उसके पति की पिटाई की गई। इस दौरान तमाम लोग तमाशबीन बन घटनाक्रम का वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया। पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि पुलिस ने महिला को बचाने के साथ मामला दर्ज कर लिया है।
यह घटना भोजीपुरा थाना क्षेत्र की है। दो दिन पहले भोजीपुरा क्षेत्र के घाघोरा घघोरी गांव में कुछ लोग गुरुबचन सिंह के घर आये और उसकी पत्नी को ले जाने लगे। जब उसने विरोध किया तो उसे पीटा और उसकी पत्नी को भी पीटा और दिनदहाड़े अपहरण करके ले गए।
दरअसल, मामला प्रेम प्रसंग और अंतरजातीय विवाह से जुड़ा है। युवती कुर्मी जाति की है और उसका पति गुरुबचन अनुसूचित जाति से है। युवती की बहन की भी शादी उसी घर में हुई है। एक साल पहले दोनों ने घर में बिना बताये प्रेम विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों शहर छोड़कर कही और जाकर रहने लगे। चार दिन पहले ही दोनों गांव वापस आए थे। इसकी भनक जब युवती के परिवार वालों को लगी तो वे लोग उसकी ससुराल पहुंच गए और उसे मारपीट कर जबरन उठा ले गए।
युवती की बहन ने बताया कि उसके मायके वाले अरविंद, रणबीर सिंह, महिपाल सिंह, अमर सिंह, रिपांशु, संजय और साथ में कुछ अज्ञात लोगों ने गुरबचन सिंह के घर पर हमला किया। असलहों से लैस लोगों ने लाठी-डंडों से गुरबचन को बुरी तरह पीटा और उसकी पत्नी का अपहरण करके ले गए।
एसपी (ग्रामीण क्षेत्र) संसार सिंह ने बताया कि सहमति के बिना शादी करने पर मायके वालों ने दंपती की पिटाई की है और उसके बाद महिला का अपहरण कर लिया। महिला को बचाया गया और उसी दिन मामला दर्ज किया गया। आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।