उत्तराखंड में फूफा के साथ घूम रहा था 15 हजार रुपए का इनामी, पुलिस ने पकड़ा, बरेली के कोविड अस्पताल से हुआ था फरार
Bareilly Crime 15 हजार का इनामी चोरी का आरोपित अशोक उर्फ बिल्लू बुधवार को उत्तराखंड के सुतईया में पकड़ा गया। वह यहां अपने फूफा के संग घूम रहा था। पुलिस टीम को देखते ही अशोक खेतों की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया।
बरेली, जेएनएन। Bareilly Crime : बरेली के कोविड अस्पताल से भागे 15 हजार के इनामी व चोरी के आरोपित अशोक उर्फ बिल्लू को बुधवार को उत्तराखंड के सुतईया में पकड़ लिया गया। वह वहां अपने फूफा के साथ घूम रहा था। हालांकि पुलिस टीम को देखते ही अशोक खेतों की ओर भाग निकला। लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपित कुछ भी बोलने से इन्कार कर रहा है। इतना सामने आया है कि आरोपित फरार होने के बाद एक दिन बहेड़ी में रहा। फिर भोजीपुरा होते हुए उत्तराखंड निकल गया। यहां फूका के वहां खाना खाता, इसके बाद पुलिस की पहुंच से बचने के लिए खेताें में रहता। शनिवार को तीन सौ बेड कोविड अस्पताल से चोरी का आरोपित अशोक उर्फ बिल्लू फरार हो गया था।
दो दिन तक पकड़ में न आने पर मंगलवार को एसएसपी ने उस पर 15 हजार का इनाम रख दिया था। आरोपित की पकड़ में एक टीम लगी हुई थी। बुधवार को उसकी लोकेशन उत्तराखंड मिली, जहां पुलिस पहुंची और वह पकड़ा गया। बता दें कि आरोपित बहेड़ी के साधूनगला का रहने वाला है। उसको इज्जतनगर पुलिस ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था।
जेल भेजे जाने से पहले हुए कोरोना टेस्ट में वह पॉजिटिव निकला था जिसके चलते उसे तीन सौ बेड कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आराेपित के भागने पर ड्यूटी पर तैनात दोनों सिपाहियों विक्रांत व रोहित को लापरवाही में सस्पेंड कर दिया गया था। आरोपित पर बारादरी पुलिस ने एक और मुकदमा दर्ज किया था। आरोपित को पकड़ने के बाद देररात पुलिस को सौंप दिया गया।