CAA Protest : विरोध की हिंसा में रोडवेज को हुआ 80 लाख का नुकसान Bareilly News
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) की खिलाफ कई शहरों में हुई हिंसा में परिवहन निगम के बरेली डिपो को करीब 80 लाख का नुकसान किया। माहौल खराब देखकर सामान्य से कम यात्री बाहर निकले।
जेएनएन, बरेली : नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) की खिलाफ कई शहरों में हुई हिंसा में परिवहन निगम के बरेली डिपो को करीब 80 लाख का नुकसान किया। माहौल खराब देखकर सामान्य से कम यात्री बाहर निकले।
डिपो के लेखा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 19 से 22 दिसंबर के बीच दिल्ली और लखनऊ रूट की बसों पर आम दिनों से 90 फीसदी कम यात्री मिले। लिहाजा खाली बसें ही सड़कों पर दौड़ानी पड़ी थी। सबसे ज्यादा असर दिल्ली, कानपुर, रामपुर, संभल, लखनऊ में विरोध प्रदर्शन का पड़ा।
इन्हीं रूट पर बरेली से अधिकतम यात्री जाते हैं। आगजनी आदि होने के कारण लोगों ने सड़क मार्ग से अपनी यात्रायें स्थगित कर दी। इसका असर ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों पर कम पड़ा था।
परिवहन निगम ने अधिकारियों को भेजी रिपोर्ट में कहा कि 19 से 22 दिसंबर के बीच दिल्ली और लखनऊ रूट पर यात्री न मिलने से खाली बसें चलानी पड़ीं। इसकी वजह से करीब 80 लाख का नुकसान हुआ।
चार दिनों में खासतौर पर दिल्ली और लखनऊ रूट पर चलने वाले यात्रियों में कमी दर्ज की गई। हमारी बसें चूंकि खाली चली, इसलिए आकलन है कि 80 लाख रुपये के राजस्व का नुकसान रोडवेज को उठाना पड़ा है।
- एसके बैनर्जी, क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज