पश्चिम बंगाल के 225 प्रवासी जाएंगे घर
बरेली में फंसे पश्चिम बंगाल के 225 प्रवासियों के घर जाने की राह आसान होती दिख रही है। इन्हें मुरादाबाद से पश्चिम बंगाल तक चलने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेन में जगह मिलने की उम्मीद है। डीआरएम ने इस पर विचार का आश्वासन दिया है।
जेएनएन, बरेली : बरेली में फंसे पश्चिम बंगाल के 225 प्रवासियों के घर जाने की राह आसान होती दिख रही है। इन्हें मुरादाबाद से पश्चिम बंगाल तक चलने वाली श्रमिक स्पेशल ट्रेन में जगह मिलने की उम्मीद है। डीआरएम ने इस पर विचार का आश्वासन दिया है।
शुक्रवार को मुरादाबाद से श्रमिक स्पेशल पश्चिम बंगाल के लिए चलाया जाना प्रस्तावित है। स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के पास ट्रेन का स्टॉपेज बरेली जंक्शन पर भी होने की जानकारी आई। अपर जिलाधिकारी नगर महेंद्र कुमार सिंह ने मंडलीय रेल प्रबंधक तरुण प्रकाश को ईमेल के जरिए यहां फंसे पश्चिम बंगाल के 225 प्रवासियों की जानकारी भेजी। उन्होंने आग्रह किया है कि ट्रेन में यहां के यात्रियों को भी शामिल किया जाए। स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह भी इस मामले में डीआरएम से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।
कुछ बाहर से आए, कुछ पहले से फंसे : यहां फंसे पश्चिम बंगाल के प्रवासियों में कुछ लॉकडाउन से पहले से यहां थे और कुछ लॉकडाउन के दौरान यहां से गुजरते समय रोक लिए गए। अब वे किसी भी हाल में अपने घर लौटना चाहते हैं।
ट्रेन नहीं तो बस का है विकल्प : एडीएम सिटी के मुताबिक अगर ट्रेन से पश्चिम बंगाल जाने के लिए प्रवासियों की व्यवस्था नहीं बन पाती है तो रोडवेज बसों के जरिए उन्हें भेजे जाने का विकल्प है।
इनसेट -
केरल के 1587 प्रवासियों की लिस्ट आई
गुरुवार को शासन ने आगरा, बरेली, अलीगढ़, मुरादाबाद, मेरठ, गौतम बुद्धनगर, बदायूं और सहारनपुर में फंसे हुए केरल के प्रवासियों की लिस्ट भी जारी की है। करीब 1587 प्रवासियों में बरेली में 30 लोगों को प्रशासन ने खोज लिया है। उन्हें भी गंतव्य के लिए रवाना किया जाना है।
-------
वर्जन
पश्चिम बंगाल तक चलने वाली श्रमिक स्पेशल में बरेली के प्रवासियों को भी शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। बरेली प्रशासन से जारी प्रवासियों की कोई लिस्ट हमारे पास फिलहाल नहीं आई है।
- तरुण प्रकाश, डीआरएम मुरादाबाद मंडल