संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी में विवाद हुआ था जिसकेचलते महिला जान दे दी है।
बाराबंकी : एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने दहेज के लिए पुत्री की हत्या करने और शव छोड़ जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घुंघटेर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ मजरे अमावा निवासी नरेश ने एक वर्ष पहले गांव के ही निवासी विनय पुत्र जीवन के साथ अपनी पुत्री सकीना 20 का विवाह किया था। आरोप है कि विवाह के कुछ दिनों बाद से वह उसकी पुत्री को प्रताड़ित किया जा रहा था। कुछ दिन पहले विनय अपनी पत्नी सकीना को लेकर देवा थाना क्षेत्र में रहने लगा था। सोमवार सुबह विनय सकीना का शव लाकर उसके घर छोड़ कर फरार हो गया। इसकी शिकायत पिता ने घुघंटेर पुलिस से की है। घुंघटेर थाना के एसआइ सुभाष यादव ने बताया कि विनय देवा थाना क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता था। रविवार शाम दोनों पति-पत्नी में विवाद हुआ था, जिसके चलते विवाहिता ने घर में ही जान दे दी है। इसके बाद विनय अपने चचेरे भाई के साथ शव बाइक से गांव लेकर आया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।