Asian Games में भारतीय T20 क्रिकेट टीम का हिस्सा बने बाराबंकी के विप्रज निगम, बोले- नीली जर्सी में खेलना सपने जैसा
बाराबंकी के ऑलराउंडर विप्रज निगम का भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है, जो एशियाई गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विप्रज निगम
HighLights
विप्रज निगम का भारतीय टी-20 टीम में चयन।
एशियाई गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे विप्रज।
बचपन का सपना हुआ साकार, नीली जर्सी पहनेंगे।
वी. राजा, बाराबंकी। शहर के आवास विकास कॉलोनी निवासी ऑलराउंडर विप्रज निगम का भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। उनका कहना है कि बचपन से ही नीली जर्सी पहनकर भारतीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करने का सपना रहा है, जो अब एशियाई गेम्स में चयन के साथ साकार होने जा रहा है। जापान रवाना होने से पहले घर और अपने कोच से मिलने पहुंचे विप्रज ने दैनिक जागरण से विशेष बातचीत की।
विप्रज ने बताया कि उनके पसंदीदा क्रिकेटर रोहित शर्मा हैं। वह उनसे कई बार मिल चुके हैं और खेल से जुड़े टिप्स भी लेते हैं। बीसीसीआई की ओर से चोटिल वरुण चक्रवर्ती की जगह टीम में शामिल किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि ईश्वर पर विश्वास और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ने वाले खिलाड़ी का सपना जरूर पूरा होता है। नीली जर्सी पहनकर भारतीय टीम की ओर से खेलना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। टीवी पर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर की बल्लेबाजी देखकर क्रिकेट के प्रति रुचि बढ़ी। हालांकि, अभी तक उन्हें सचिन तेंदुलकर से मिलने का अवसर नहीं मिला है।
आईपीएल से काफी कुछ सीखा: विप्रज
विप्रज ने बताया कि उन्होंने क्रिकेट की शुरुआत स्टेडियम में कोच सरवर नवाब के सानिध्य में की। इसके बाद कई वर्षों से उन्हीं की कोचिंग में पीएसी में अभ्यास कर रहे हैं। कोच ने उनकी गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी को भी निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने बताया कि आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल से भी काफी कुछ सीखने को मिला। उन्हें लगातार मिले अवसरों से अपने खेल को निखारने में मदद मिली। अभ्यास के दौरान विराट कोहली, रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या सहित कई नामी भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों को आउट करने का मौका मिला।
यूपी लीग के कुछ मुकाबलों में भुवनेश्वर कुमार की अनुपस्थिति में कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने से भी उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला। विप्रज ने कहा कि दैनिक जागरण उनका प्रिय अखबार है। इसमें जिले से लेकर खेल जगत तक की खबरों को बेहतर ढंग से प्रस्तुत किया जाता है।
28 सितंबर से शुरू होगा भारतीय टीम का अभियान
विप्रज 28 सितंबर से जापान के नागोया में शुरू होने वाले मुकाबलों में नीली जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। भारतीय टीम सीधे क्वार्टर फाइनल में खेलेगी। क्वार्टर फाइनल में जीत के बाद टीम सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी।
