बाराबंकी में हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने की आत्महत्या, लाइसेंसी बंदूक से सीने में मार ली गोली
Barabanki Crime News: कोतवाल दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है।

हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुपम सिंह (फाइल फोटो)
HighLights
फोरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य, कब्जे में ली गई लाइसेंसी बंदूक
परिवारजन ने बताया कि अवसाद में थे अनुपम सिंह
संवाद सूत्र, बाराबंकी : रामसनेहीघाट में रात के भोजन के बाद सोने गए हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुपम सिंह ने गुरुवार भोर अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर जान दे दी। गोली की आवाज सुनकर जगे परिवारजन कमरे में पहुंचे तो उनका खून से लथपथ शव पड़ा था। उनके सीने में गोली लगी थी। मृतक के परिवारजन ने बताया कि वह अवसाद ग्रस्त थे।
रामसनेहीघाट के अलादादपुर मजरे चौरी के अनुपम सिंह अखिल भारतीय हिंदू महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष थे। गुरुवार भोर उन्होंने अपनी बंदूक से सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिवारजन कमरे में पहुंचे तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
अनुपम का शव खून से लथपथ पड़ा था और बगल में बंदूक। कुछ ही देर में गांव के तमाम लोग भी जुट गए। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया और मौके पर पड़ी बंदूक कब्जे में लिया। फोरेंसिक टीम ने भी जायजा लिया और साक्ष्य संकलित किए।
अनुपम के परिवार में पत्नी आरती सिंह और दो बेटे अमर व आर्यमन हैं। पिता की मौत से दोनों बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। वहीं मृतक के पुत्र अमर सिंह ने बताया कि पिता अवसाद से ग्रसित थे। एक दिन पहले उनको सांप ने भी डसा था।