यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, 17 सितंबर से लखनऊ में होगी EVM-VVPAT की फर्स्ट लेवल चेकिंग
विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत ईवीएम-वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) 17 सितंबर से लखनऊ में शुरू होगी।

ईवीएम-वीवीपैट जांच का प्रशिक्षण शुरू।
HighLights
ईवीएम-वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग 17 सितंबर से लखनऊ में।
बाराबंकी सहित 33 जिलों के अधिकारियों को एफएलसी प्रशिक्षण मिला।
बाराबंकी में 20.73 लाख मतदाता विधानसभा चुनाव में करेंगे मतदान।
संवाद सूत्र, बाराबंकी। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच ईवीएम और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) की तैयारी तेज हो गई है। मशीनों की जांच पूरी पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
लखनऊ में आयोजित कार्यशाला में मंगलवार को बाराबंकी के जिला निर्वाचन अधिकारी ईशान प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह और न्यायिक एडीएम राजकुमार यादव शामिल हुए हैं।
लखनऊ के सुलतानपुर रोड स्थित रूपाम (डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी) में सुबह 10 से शाम चार बजे तक आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में 33 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और एफएलसी सुपरवाइजरों को ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी प्रक्रिया की बारीकियां बताई जा रही हैं।
लखनऊ की कार्यशाला में लखनऊ, कानपुर, मुरादाबाद, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या और देवीपाटन मंडलों के जिला निर्वाचन अधिकारी शामिल हुए हैं। इससे पहले गौतमबुद्ध नगर और वाराणसी में भी 21-21 जिलों के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कमल किशोर ने बताया कि प्रदेश में ईवीएम और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग की शुरुआत 17 सितंबर से लखनऊ में की जाएगी। इसके बाद बाराबंकी में चेकिंग की तिथि आएगी।
20.73 लाख मतदाता करेंगे मतदान
लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान 23 लाख 31 हजार 649 मतदाता थे। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के प्रथम चरण में डिजिटाइजेशन के दौरान 3.73 लाख नाम हटाए गए।
इसके बाद पुनरीक्षण में नाम हटाने और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया हुई। पुनरीक्षण के बाद मतदाता संख्या में कुल 2.58 लाख की कमी दर्ज की गई है। वर्तमान में जिले में 20 लाख 73 हजार 352 मतदाता हैं, जो आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान करेंगे।
