महिलाओं में स्वावलंबन की अलख जगा रहीं सोनिया
-अब तक मुहिम से जुड़ चुकी हैं करीब 20 महिलाएं -वूलेन के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का सपना
वी. राजा, बाराबंकी :
करीब चार वर्ष पहले लुधियाना में भ्रमण के दौरान शहर के आवास विकास कॉलोनी निवासी सोनिया शर्मा ने कुछ महिलाओं को वूलेन का कार्य करते देखा। इससे वह काफी प्रभावित हुईं। उन्हें काफी आश्चर्य हुआ कि वहां पर कार्य तो महिलाएं कर रहीं थी, पर क्रेडिट पुरुषों को मिल रहा था। तभी से उन्होंने निश्चय किया कि वह भी व्यापार क्षेत्र में कुछ ऐसा करेंगी, जिसका सीधा मुनाफा जरूरतमंद महिलाओं को हो। सोनिया का यह जुनून अब रंग लाने लगा है। वह हथकरघा उद्योग में स्वयं तो जुड़ी ही साथ ही शिक्षित महिलाओं के साथ जो महिलाएं पढ़ी लिखी नहीं थी उन्हें भी जोड़ा। उनके साथ वर्तमान समय में करीब 20 महिलाएं जुड़ी हैं। बेहतर कार्य से नाम रोशन करना सपना : सोनिया शर्मा कहती हैं कि उनका प्रयास है कि हथकरधा से 50 से 60 अन्य महिलाओं को जोड़ना है। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना से कार्य हथकरघा उत्पाद में करीब डेढ़ वर्ष पूर्व कार्य शुरू किया था। कम समय में हथकरघा उत्पाद के क्षेत्र में आज वे बेहतर कार्य कर रही हैं। सोनिया का कहना है कि वह वूलेन के क्षेत्र में लुधियाना, पंजाब की तर्ज पर जिले में उसकी मैन्युफैक्चरिग का कार्य करना चाहती हैं। मिल चुकी है सराहना: लखनऊ में आयोजित ओडीओपी सम्मिट में राष्ट्रपति रामनाथ कोविद ने जहां उनके कार्य की सराहना की है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यों को सराहा है। इसके अलावा लखनऊ में पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भी जिले की युवा व्यापारी के रूप में शामिल रह चुकी हैं। सोनिया का मानना है कि आज के दौर में कोई भी कार्य कठिन नहीं है। बस इच्छाशक्ति के साथ मेहनत बराबर करनी चाहिए। वे यही सीख साथ कर रही अन्य महिलाओं को भी देती हैं।