रातभर घाघरा में तलाशे जाएंगे लापता छह लोग
- रोशनी के किए गए पुख्ता इंतजाम, डाले गए कांटे, जाल लगाया जा रहा गोता संवादसूत्र, टिकै
- रोशनी के किए गए पुख्ता इंतजाम, डाले गए कांटे, जाल लगाया जा रहा गोता
संवादसूत्र, टिकैतनगर (बाराबंकी) : घाघरा नदी में डूबे छह लोगों की तलाश में लगी एनडीआरएफ और पीएसी की टीम पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखेगी। इसके लिए रोशनी के पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं। पांच किलोमीटर के दायरे में टीम जाल, कांट डालकर तलाश कर रही है। सोमवार सुबह से शुरू हुआ डूबे हुए छह लोगों की तलाश देर रात तक चलती रही। बिजली के इंतजाम के साथ एनडीआरएफ टीम अपनी बोट पर दो-दो गोताखोर बिठाकर कांटा डालकर तलाश कर रहे हैं। वहीं पांच किलोमीटर के दायरे में जगह-जगह जाल डाले गए हैं। हालांकि देर रात तक टीमों को कुछ हाथ नहीं लग सका था। पुलिस की मौजूदगी में प्रयास चल रहा था और ग्रामीण व परिवारीजन एकत्र थे।
वायरल वीडियो की चर्चा : जिस समय यह दर्दनाक हादसा हुआ घाघरा नदी में खेलते समय मृतक अमजद की पुत्री ऐश अंसारी अपने मोबाइल में वीडियो बना रही थी। जिसमें करीब 14-15 लोग नहाते हुए दिख रहे थे। जिससे आशंका यह भी जताई जा रही है कि घाघरा में छह से अधिक लोग डूबे हैं।
अवैध खनन बना मौतों का सबब : सूत्रों की मानें तो जिस जगह पर यह हादसा हुआ है उसी स्थान पर रात के अंधेरे पर अवैध बाबू खनन होता था और ट्रैक्टर-ट्राली से बालू ढोई जाती थी। जिससे वहां पर गहरा गड्ढा हो गया था और इसी गड्ढे के कारण भंवर की स्थिति पैदा हुई और यह हादसा हो गया। यह अवैध खनन पुलिस के संरक्षण में होना बताया जाता है। इस हादसे के बाद सब चुप्पी साध कर बैठ गए हैं।