विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM आवास योजना: बाराबंकी में AI सर्वे और मिसमैच डेटा के कारण सूची से कटे नाम, पात्र परिवार है हैरान

Published: Wed, 14 Oct 2026 08:10 PM (IST)

बाराबंकी में पीएम आवास योजना के तहत एआई सर्वे और डेटा मिसमैच के कारण लाभार्थियों की सूची से नाम हटाए ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. बाराबंकी में पीएम आवास योजना सूची से कई नाम हटे।

  2. एआई सर्वे, धुंधली फोटो और डेटा मिसमैच मुख्य कारण।

  3. अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को दोबारा जोड़ने का आश्वासन दिया।

संवादसूत्र, बाराबंकी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में 16 हजार 747 का लक्ष्य तय है। इसकी सर्वे रिपोर्ट का पूरा डाटा वेबसाइट पर अपलोड है। मौजूदा समय में लाभार्थियों की वेबसाइट पर प्रोफाइल अपडेट और पुराने डाटा से मिलान किया जा रहा है, ताकि दोबारा लाभ न मिले। इसी दौरान फोटो धुंधली होने या बैंक खाते का प्रमाण स्पष्ट न होने पर नाम सूची से हट रहे हैं।

त्रिवेदीगंज ब्लाक में चार पात्रों के नाम हटने से हड़कंप मच गया। यहां 3800 लोगों की पात्रता सूची बनी थी, जिसमें अनुसूचित वर्ग के 560 और अन्य के 189 का लक्ष्य आया था। बाद में 10 लक्ष्य और बढ़े। बीडीओ प्रियंका सिंह ने बताया कि 749 लाभार्थियों के खातों में राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू होते ही एआई सर्वे में चार नाम हट गए। उन्होंने आश्वस्त किया कि पात्र लोगों को दोबारा जोड़ा जाएगा, परेशान होने की जरूरत नहीं है।

क्या है एआई सर्वे
पहले लेखपाल भौतिक सत्यापन करते थे, अब एआई सिस्टम से जांच हो रही है। आवास प्लस ऐप से कच्चे मकान की जियो-टैग फोटो ली जाती है। एआई उसे सैटेलाइट इमेज, एसइसीसी-2011, आधार और पुरानी आवास सूची से मिलाता है।

आटो-फिल्टर में तय होता है कि मकान पक्का तो नहीं हो गया, परिवार को पहले आवास तो नहीं मिला, सरकारी नौकरी या चार पहिया वाहन जैसी अपात्रता तो नहीं है।
फोटो धुंधली, लोकेशन गलत या डेटा मिसमैच होने पर नाम अपात्र हो जाता है।

डीआरडीए पीडी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले का लक्ष्य 16 हजार 741 है और अभी किसी के खाते में राशि नहीं भेजी गई है। प्रोफाइल अपडेट का कार्य चल रहा है। त्रिवेदीगंज समेत अन्य ब्लाकों के मामलों का सत्यापन कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बाराबंकी में पारिवारिक कलह से तंग आकर दो लोगों ने की आत्महत्या, 13 वर्षीय किशोर ने भी फंदा लगाकर दी जान