बाराबंकी में अपहरण के बाद हुए नीतेश हत्याकांड में 10वां आरोपी गिरफ्तार, पुलिस को मिली बड़ी सफलता
नीतेश मौर्या हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी गोलू वर्मा उर्फ विकास को गिरफ्तार किया है, जिससे कुल गिरफ्तारियां 10 हो गई हैं।

बाराबंकी के बड्डूपुर से अपहरण के बाद सीतापुर में नीतेश का शव मिला था, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
HighLights
नीतेश मौर्या हत्याकांड में दसवां आरोपी गिरफ्तार हुआ।
गोलू वर्मा उर्फ विकास महमूदाबाद रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया।
अपहरण के बाद सीतापुर में मिला था नीतेश का शव।
संवाद सूत्र, बाराबंकी। नीतेश मौर्या हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। बड्डूपुर पुलिस ने गुरुवार को सीतापुर के सदरपुर डिबियापुर निवासी गोलू वर्मा उर्फ विकास को महमूदाबाद रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा। इस मामले में अब तक 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
बड्डूपुर के डफरपुर चौराहे के पास 29 अक्टूबर को सीतापुर के सदरपुर स्थित सरैया महिपतपुर निवासी नीतेश कुमार मौर्या को कुछ लोग गाड़ी में जबरन बैठाकर अपहरण कर ले गए थे। बाद में उसका शव सीतापुर के पिसावां में पन्ना ढाबे के पास मिला था। मामले में हत्या और अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने स्वाट, सर्विलांस और बड्डूपुर पुलिस की संयुक्त टीम की मदद से पहले नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
इनमें पांच आरोपितों की गिरफ्तारी के दौरान वारदात में इस्तेमाल स्कार्पियो और थार के साथ खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए थे। जांच में सामने आया था कि आरोपितों ने पहले से योजना बनाकर नीतेश को गाड़ी में बैठाया था। उसे सीतापुर के पिसावां ले जाकर गला काटने और मारपीट कर हत्या कर दी गई थी।
एसपी रवीना त्यागी ने बताया कि गिरफ्तार गोलू वर्मा उर्फ विकास को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।