मिशन शक्ति कार्यक्रम में पुरुषों की भागीदारी ज्यादा
जागरूकता कार्यक्रम में कई स्थानों पर अधिकारी नहीं पहुंचे। मिशन शक्ति के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुए।
बाराबंकी : मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सुरक्षा कानून और योजनाओं की जानकारी देनी थी। मिशन शक्ति अभियान की पड़ताल की गई तो चंद महिलाओं के साथ औपचारिकता पूरी की गई तो कार्यक्रमों में अधिकारी ही नहीं पहुंचे।
दरियाबाद ब्लॉक सभागार में आयोजित महिलाओं से ज्यादा पुरुषों की संख्या रही। महिला सफाईकर्मियों, प्रधान व बीडीसी सदस्यों को बुलाने में घंटों बीत गए, पर संख्या दस के पार नहीं जा सकी। यहां बीडीओ ही उपस्थित नहीं थे। एडीओ पंचायत अनिल सिंह ने महिलाओं को जागरूक किया।
निदूरा ब्लाक सभागार में सहायक विकास अधिकारी विभा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में महिला ग्राम प्रधान, बीडीसी के साथ महिला सफाई कर्मी को बुलाया गया था, लेकिन कार्यक्रम में महिला प्रधान नहीं पहुंचीं। सूरतगंज ब्लॉक में पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ एक अन्य महिला उपस्थित रही। कुछ संख्या में सफाईकर्मी, सचिव व प्रधान भी उपस्थित रहे। जोकि करीब दस मिनट तक ही चल सका। यहां एडीओ पंचायत अभय शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख अनीता देवी व महिला प्रधान भी नदारद रही।
श्रम विभाग की ओर से उप कृषि निदेशक प्रशिक्षण हाल में संयुक्त रूप से कृषि, श्रम और नगर विकास का कार्यक्रम हुआ। विधायक शरद कुमार अवस्थी ने महिलाओं को प्रशस्ति पत्र सौंपे। श्रम प्रवर्तन अधिकारी यशवीर सिंह, शरद कुमार आदि माजूद रहे।बंकी ब्लॉक में सहायक विकास अधिकारी दिवाकर सिंह की अध्यक्षता में हुए जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं को सम्मानित किया। सुरक्षा को लेकर महिलाओं को जागरूक भी किया। देवा ब्लॉक सभागार में आयोजित समारोह में एडीओ पंचायत मोहम्मद सलीम और सिरौलीगौसपुर सहायक खंड विकास अधिकारी पंचायत सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। हैदरगढ़ ब्लॉक सभागार में एडीओ पंचायत हैदरगढ़ विवेक कुमार शुक्ला ने तीन दर्जन महिलाओं प्रशिक्षित किया। त्रिवेदीगंज एडीओ पंचायत प्रमोद कुमार श्रीवास्तव के महिला प्रधान, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं से चर्चा की।