अबू धाबी में संयुक्त राष्ट्र वाटर कान्फ्रेंस में बाराबंकी के शिक्षक मोहम्मद आसिफ रखेंगे भारत का पक्ष
बाराबंकी के विज्ञान शिक्षक मोहम्मद आसिफ अबू धाबी में होने वाले संयुक्त राष्ट्र जल सम्मेलन में भाग लेंगे। वे जल संरक्षण और पर्यावरण शिक्षा के क्षेत्र में अपने कार्यों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे।

मोहम्मद आसिफ। जागरण
HighLights
शिक्षक मोहम्मद आसिफ यूएन जल सम्मेलन में शामिल होंगे।
जल संरक्षण, पर्यावरण शिक्षा में उनके कार्य सराहनीय हैं।
अबू धाबी में 8-10 दिसंबर को होगा यह सम्मेलन।
संवाद सूत्र, निंदूरा(बाराबंकी)। जल संरक्षण और पर्यावरण शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहे विज्ञान शिक्षक मोहम्मद आसिफ अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे। संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में आठ से 10 दिसंबर तक आयोजित होने वाले संयुक्त राष्ट्र (यूएन) वाटर कान्फ्रेंस में शामिल होने के लिए उनका पंजीकरण किया था। आयोजकों ने ईमेल के माध्यम से इसकी पुष्टि की है।
मोहम्मद आसिफ निंदूरा ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय मुनीमपुर बरतारा में विज्ञान शिक्षक हैं। साथ ही त्रिवेदीगंज ब्लॉक में एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। वह लंबे समय से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और जल संचयन के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
उनके कार्यों को विप्रो अर्थियन पर्यावरण मित्र राष्ट्रीय पुरस्कार, एचसीएल जेनरेशन फॉर क्लाइमेट एक्शन और यंग रिपोर्टर फॉर एनवायरनमेंट सहित कई मंचों पर सम्मान मिल चुका है। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में भी उनका योगदान रहा है। सम्मेलन का आयोजन अबू धाबी के नेशनल एग्जीबिशन सेंटर में होगा।
इसकी सह-मेजबानी संयुक्त अरब अमीरात और सेनेगल कर रहे हैं। एवरी फ्यूचर फ्लोज फ्राम वाटर थीम पर आधारित इस सम्मेलन में जल संरक्षण, संसाधनों के सतत प्रबंधन और भविष्य में पानी की उपलब्धता जैसी चुनौतियों पर वैश्विक स्तर पर चर्चा होगी।