अनुमति के बाद भी नहीं खोले गए दरगाह के गेट
शुक्रवार से दोपहर दो बजे के बाद जायरीन कर सकेंगे दर्शन
बाराबंकी : प्रशासन से अनुमति के बावजूद दरगाह के गेट गुरुवार को आम जायरीन के लिए नहीं खुल सके। ट्रस्ट के अनुसार कोरोना संक्रमण से बचाव के इंतजाम पूरे होने के बाद शुक्रवार को दो बजे के बाद आम जायरीन मजार के दर्शन पा सकेंगे।
हॉटस्पॉट समाप्त होने के बाद जिला प्रशासन ने गुरुवार से दरगाह खोलने की अनुमति दे दी थी, परन्तु एहतियाती उपायों के इंतजामों के चलते दरगाह गुरुवार को आम जनता के लिए नहीं खुल सकी। मसोलियम ट्रस्ट के मैनेजर साद महमूद वारसी ने बताया कि अभी जरूरी इंतजाम पूरे किए जा रहे हैं। शुक्रवार को जुमा नमाज में मजार की मस्जिद में भीड़ न हो इसलिए जुमा नमाज के बाद ही दो बजे से मजार के द्वार दर्शनों के लिए खोले जाएंगे। बदल जाएगा दर्शन का तरीका :
ट्रस्ट मैनेजर ने बताया कि बिना मास्क और थर्मल स्क्रीनिग के किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। आने और जाने वालों के बीच पारदर्शी दीवार होगी। किसी को मजार के अंदर जाने की इजाजत नहीं होगी। न ही मजार पर चादर, फूल या मिठाई चढ़ेगी। जायरीन बाहर चबूतरे (गुलाम गर्दिश) से ही वारिस सरकार के दर्शन कर पाएंगे। जूते-चप्पल उतारने की व्यवस्था भी अब मजार गेट के बाहर होगी। हैंड वाश के लिए कई स्थानों पर वाश बेसिन भी लगेंगे।