सरयू का जलस्तर फिर घटा, कटान जारी
-कटान रोकने के लिए बाढ़ कार्य खंड कर रहा प्रयास
बाराबंकी : सरयू नदी का जलस्तर घटकर खतरे के निशान से नीचे पहुंच गया है। इससे बाढ़ प्रभावित इलाके में थोड़ी राहत है। खतरे का निशान 106.070 मीटर के सापेक्ष सोमवार को जलस्तर 106.076 मीटर था जो मंगलवार को शाम चार बजे घटकर 105.994 मीटर पर स्थिर रहा।
सिरौलीगौपुर तहसील के ग्राम गोबरहा में कटान रोकने के लिए बाढ़ कार्य खंड की ओर से प्लास्टिक की बोरियों में बालू व गिट्टी भरकर डाली गई है। वहीं इटहुआ पूरब गांव के पास कटान रोकने के लिए परखू पाइन (सीमेंट के खंभे) लगाए जा रहे हैं। लेकिन इनका ज्यादा असर नहीं दिख रहा है। आबादी की जमीन और खेत नदी में कट रहे हैं।
बारिश के बाद ढही कोठरी : रामसनेहीघाट के ग्राम पहलवान पुरवा में सोमवार की रात बारिश के बाद बुधराम व खेवराजपुर में साहब शरण की कोठरी ढह गई। बुधराम के घर के सभी सदस्य दरवाजे पर छप्पर के नीचे सो रहे थे। इसलिए बच गए। राजस्व निरीक्षक नानक शरण ने बताया कि जांच करवा कर दोनों पात्र व्यक्तियों आर्थिक मदद की जाएगी। वहीं बीडीओ डॉ. आदित्य तिवारी ने बताया कि बुधवार का नाम आवास की पात्रता सूची में है। शीघ्र ही आवास दिलाया जाएगा। बारिश से मिली राहत : मंगलवार की सुबह से मौसम साफ रहा। उमस भरी गर्मी रही। दोपहर तीन बजे शहर में करीब 10 मिनट तक माझम बारिश से गर्मी से राहत मिली।