किसानों ने पहले मतदान फिर दूजे काम को दी तरजीह
अधिकांश किसानों ने पहले मतदान फिर दूजे काम को दी तरजीह
बाराबंकी : जैदपुर विधान सभा क्षेत्र के उपचुनाव में अधिकांश किसानों ने पहले मतदान फिर दूजे काम को तरजीह दी। खेत में धान की पिटाई करते दिखे तेजवापुर के आलोक, देशराज, राम निवास, इसरौली सेठ गांव के अंबरीश व रामस्वरूप आदि ने बताया कि उन्होंने सुबह सबसे पहले अपना-अपना वोट डाला फिर खेत में आएं।
अब्बदुलापुर के मोलहे, अवधराम वर्मा, राम अभिलाष,, राजेंद्र कुमार आदि धान की फसल काटते हुए दिखे। इन लोगों ने बताया कि धान की कटाई व पिटाई का काम भी जरूरी है इसलिए पहले वोट डाल दिया। गांव के प्राथमिक विद्यालय में दो बूथों पर दो बजे 975 वोट पड़ चुके थे। बड़ापुरा गांव के प्राथमिक विद्यालय में बने बूथ पर 570 में से सुबह साढ़े नौ बजे तक 130 वोट पड़ चुके थे।
नए मतदाताओं में दिखा उत्साह : चुनाव में वोट डालने के लिए नए मतदाताओं में उत्साह दिखा। हरख ब्लॉक के दियानतनगर निवासी सीताकांत मिश्र, बड़ापुरा के पुतान ने पहली बार वोट डाला। सीताकांत ने बताया कि उसने सुबह सबसे पहले पहुंचकर वोट डाला और गांव के अन्य लोगों को भी बुलाकर ले गया।
बुजुर्गों व दिव्यांगों ने भी दिखाया हौसला : बड़ागांव की 90 वर्षीय जगदेई अपने पुत्र के साथ वोट डालने पहुंची और कहा कि जब तक सांसें चल रही हैं तब तक वोट डालती रहूंगी। चंदौली गांव के प्राथमिक विद्यालय स्थित बूथ पर 88 वर्षीय सैलजा का वोट डालने में सहयोगी उसकी बहू पिकी किया।
टिकरा उस्मा बूथ पर दिव्यांग मो. आकिल ट्राइसालिक से अपने रिश्तेदार की मदद से वोट डालने पहुंचे।
मतदान केंद्र की दूरी खली : मतदान केंद्र की दूरी भी कई जगह लोगों को खली। पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तीन बूथों में से दो बूथों पर तो लंबी लाइन दिखी लेकिन बूथ संख्या 334 पर सन्नाटा दिखा। यहां पौने एक बजे तक 634 में सिर्फ 193 वोट पड़े। पता चला कि वैशपुर गांव के लोगों का वोट इस बूथ पर है और गांव की दूरी बूथ से दो किलोमीटर है। यही हाल उधवापुर ग्राम पंचायत से जुड़े मजरों के लोगों का रहा।