विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या-लखनऊ रेलमार्ग: ओवरब्रिज के निर्माण के लिए डेडलाइन तय, सर्विस लेन को नवरात्र से पहले करना होगा तैयार

Published: Mon, 21 Sep 2026 05:28 PM (IST)

राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने दरियाबाद रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन उपरिगामी सेतु का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दिसंबर तक पुल तैयार करने का भरोसा दिलाया।

राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने किया निर्माणाधीन उपरिगामी सेतु का निरीक्षण।

राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने किया निर्माणाधीन उपरिगामी सेतु का निरीक्षण।

HighLights

  1. राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने दरियाबाद ओवरब्रिज निर्माण का निरीक्षण किया।

  2. दिसंबर के पहले सप्ताह तक पुल तैयार करने का लक्ष्य।

  3. नवरात्र से पूर्व दोनों ओर सर्विस लेन बनाने के निर्देश।

संवाद सूत्र, दरियाबाद (बाराबंकी)। अयोध्या-लखनऊ रेलमार्ग पर दरियाबाद रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन उपरिगामी सेतु का राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने सोमवार को निरीक्षण किया। रेलवे, सेतु निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्माण के एक-एक बिंदु की प्रगति जानी।

रेलवे और सेतु निगम के अधिकारियों ने दिसंबर के पहले सप्ताह तक पुल को पूरी तरह तैयार करने का भरोसा दिलाया। वहीं, राज्यमंत्री ने नवरात्र से पहले दोनों ओर सर्विस लेन तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि विसर्जन यात्रा के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

भिटरिया मार्ग स्थित रेलवे क्रासिंग गेट संख्या 156-ए पर उपरिगामी सेतु का निर्माण चल रहा है। रेलवे ने दरियाबाद की ओर पिलर तक का काम पूरा कर लिया है, जबकि भिटरिया की तरफ पाइलिंग का कार्य जारी है। सेतु निगम अप्रोच मार्ग की रेलिंग और ज्वाइंट का काम कर रहा है।

राज्यमंत्री ने रेलवे के अधिशासी अभियंता नवीन चौधरी, सेतु निगम के एई आशीष श्रीवास्तव और जेई मनीष सिंह से निर्माण की प्रगति जानी।

रेलवे के अधिशासी अभियंता ने बताया कि भिटरिया की तरफ पाइलिंग का काम एक सप्ताह में पूरा कर पिलर का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। सेतु निगम के अधिकारियों ने बताया कि सर्विस रोड के साथ अन्य निर्माण कार्यों में तेजी के लिए टीमें बढ़ाई जाएंगी।

निरीक्षण के दौरान कोतवाल धर्मेंद्र कुमार, विकास द्विवेदी, रिंकू सिंह, लवलेश पंडित, बाबा अनुज, अनुज, शिवकुमार नेता, प्रदीप द्विवेदी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- रामनगरी के विकास की गति हुई तेज, 30 होटल और आवासीय योजनाओं को ADA की मंजूरी