विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

माफिया डॉन बबलू श्रीवास्तव के करीबी बाराबंकी के पूर्व पालिकाध्यक्ष रंजीत बहादुर श्रीवास्तव का निधन, माफिया के हवाले से लिखी किताब

Published: Sun, 22 Nov 2026 01:04 PM (IST)

Ranjeet Bahadur Srivastava: शहर के धनोखर सरोवर को चक्रतीर्थ, वहां भगवान चित्रगुप्त, राधा-कृष्ण और हनुमान मंदिर भी उन्होंने बनवाया। नागेश्वर नाथ सरोवर भी उनके कार्यकाल में विकसित हुआ।

नगर पालिका परिषद नवाबगंज के पूर्व अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी के नेता रंजीत बहादुर श्रीवास्तव (फाइल फोटो)

नगर पालिका परिषद नवाबगंज के पूर्व अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी के नेता रंजीत बहादुर श्रीवास्तव (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सीने में दर्द के बाद लखनऊ के मैक्स अस्पताल पहुंचने से पहले हुआ निधन

  2. ओमप्रकाश श्रीवास्तव उर्फ बबलू पर लिखी गई उनकी दूसरी पुस्तक लगभग पूरी

संवाद सूत्र, जागरण, बाराबंकी : नगर पालिका परिषद नवाबगंज के पूर्व अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी के नेता रंजीत बहादुर श्रीवास्तव का शनिवार की देर रात निधन हो गया। वह लंबे समय से हृदय रोग से पीड़ित थे, लेकिन फिर भी सक्रिय थे। इस समय वह देश में घुसपैठ, आतंकवाद और तस्करी पर माफिया डॉन ओमप्रकाश उर्फ बबलू श्रीवास्तव के हवाले से किताब लिख रहे थे। किताब लगभग पूरी हो चुकी है।

चित्रगुप्त जयंती पर वह धनोखर चक्रतीर्थ स्थित चित्रगुप्त मंदिर पर पूजन में भी शामिल हुए थे। इधर मौसम में बदलाव के चलते उन्हें सांस लेने में कुछ दिक्कत हुई थी। शनिवार की रात करीब 12 बजे उन्हें सीने में दर्द हुआ तो पत्नी व पूर्व अध्यक्ष शशि श्रीवास्तव ने दवा दी। दवा खाने के बावजूद कोई राहत नहीं मिली और दर्द बढ़ गया तो बेटे अमरजीत श्रीवास्तव उन्हें लेकर लखनऊ के मैक्स अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो चुका था। अंतिम संस्कार आज दोपहर 12 बजे कमरिया बाग स्थित श्मशान में किया जाएगा।

2007 में निर्दलीय लड़े, 2012 में खिलाया कमल

रंजीत बहादुर श्रीवास्तव वर्ष 2007 में बाराबंकी शहर, नगरपालिका परिषद नवाबगंज, अध्यक्ष पद के लिए 2007 में निर्दलीय चुनाव लड़े और हार गए। इसके बाद 2012 में भाजपा से लड़े और जीते। 2012 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े और यह कहकर माहौल को एकदम गरम कर दिया कि उन्हें मुसलमान का वोट नहीं चाहिए। उनका यह बयान काफी चर्चित रहा और वह 2012 में इसी बयान के आधार पर हिंदुओं को एकजुट करने में सफल रहे और लंबे समय बाद भाजपा का कमल खिलाया। इसके बाद 2017 में सीट महिला हुई तो उन्होंने अपनी पत्नी शशि श्रीवास्तव को चुनाव लड़ाया। शशि श्रीवास्तव भी अच्छे मतों से विजयी हुई थीं।

धनोखर का कराया विकास

शहर के धनोखर सरोवर को चक्रतीर्थ, वहां भगवान चित्रगुप्त, राधा-कृष्ण और हनुमान मंदिर भी उन्होंने बनवाया। नागेश्वर नाथ सरोवर भी उनके कार्यकाल में विकसित हुआ।

दबंग लोगों में शुमार था रंजीत बहादुर का नाम

रंजीत बहादुर का नाम दबंग लोगों में शुमार था। राजनीति के क्षेत्र में उन्होंने एक बार रामनगर से विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था। कांग्रेस के विधायक रहे सुरेंद्र नाथ अवस्थी के भी करीबी रहे और बसपा से मंत्री रहे संग्राम सिंह वर्मा से उनके पारिवारिक रिश्ते जगजाहिर थे। एक समय ऐसा रहा, जब एक के बाद एक उन पर 36 मुकदमे दर्ज हुए, लेकिन सभी मुकदमों में वह छूटे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।