विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाराबंकी से छठ के बाद वापसी मुश्किल, पूर्वांचल की ट्रेनें फुल होने से निजी बस वसूल रही मनमाना किराया

Published: Tue, 17 Nov 2026 05:47 PM (IST)

छठ महापर्व के बाद पूर्वांचल से लौटने वाले यात्रियों को बाराबंकी जंक्शन से ट्रेनों में सीट नहीं मिल रही है। ...और पढ़ें

बाराबंकी रेलवे स्टेशन। तस्वीर- जागरण

बाराबंकी रेलवे स्टेशन। तस्वीर- जागरण

HighLights

  1. छठ के बाद पूर्वांचल यात्रियों को ट्रेनों में सीट नहीं मिल रही।

  2. बाराबंकी जंक्शन से गुजरने वाली ट्रेनें पूरी तरह भरी हुई हैं।

  3. यात्री बसों और निजी वाहनों से महंगे किराए पर सफर कर रहे।

संवाद सूत्र, बाराबंकी। छठ महापर्व समाप्त होते ही पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बाराबंकी जंक्शन से गुजरने वाली लंबी दूरी की ज्यादातर ट्रेनों में सीटें उपलब्ध नहीं हैं। कई ट्रेनें यहां रुकती भी नहीं हैं। टिकटों की लंबी वेटिंग के चलते यात्रियों को बसों और निजी वाहनों से सफर करना पड़ रहा है। स्टेशन से बस अड्डे तक यात्रियों की भीड़ है।

छठ पर आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, जौनपुर और बनारस जाने वालों की संख्या हर साल बढ़ती है। इस बार भी त्योहार के बाद लौटने वाले यात्रियों की भीड़ है। बाराबंकी से गुजरने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के स्लीपर और जनरल कोच पहले से फुल हैं। तत्काल टिकट मिलना मुश्किल है और वेटिंग 150 से 200 के पार पहुंच गई है। ऐसे में टिकट कन्फर्म होने की उम्मीद कम है। कई यात्रियों को लखनऊ या गोंडा जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ रही है, जिससे समय और किराया दोनों बढ़ रहा है।

जंक्शन के पूछताछ केंद्र पर यात्रियों की लंबी कतार है। ट्रेन में जगह न मिलने पर लोग बसों का रुख कर रहे हैं। बाराबंकी बस अड्डे पर पूर्वांचल जाने वाली बसें खचाखच भरी हैं। निजी बस संचालक पहले के 200 रुपये के मुकाबले अब 350 से 400 रुपये तक किराया ले रहे हैं। यात्रियों के मुताबिक, बसों में बैठने की जगह नहीं मिल रही और उन्हें खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। कई लोग निजी टैक्सी और कार बुक कर रहे हैं। चार लोगों के लिए 2500 से 3000 रुपये तक किराया देना पड़ रहा है।

बाराबंकी में रुकने वाली पूर्वांचल-बिहार की प्रमुख ट्रेनें

जौनपुर-बनारस (वाराणसी), लखनऊ-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस, साबरमती, मरुधर, फरक्का, बनारस-मालदा, गंगा सतलज एक्सप्रेस लखनऊ और सियालदह एक्सप्रेस शामिल हैं। इनमें सीटें फुल है। स्टेशन अधीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि छठ मनाकर लौट रहे यात्रियों को कन्फर्म आरक्षण नहीं मिल रहा है। ज्यादातर ट्रेनों के आरक्षण पहले से बुक हैं।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।