यूपी का मौसम: अगले दो सप्ताह मौसम रहेगा शुष्क, रबी फसलों की बुआई के लिए सबसे सुनहरा मौका
मौसम विभाग के अनुसार बाराबंकी में अगले दो सप्ताह तक शुष्क मौसम रहेगा, जिसमें बारिश की संभावना नगण्य है।

HighLights
बाराबंकी में अगले दो सप्ताह तक शुष्क मौसम रहेगा।
रबी फसलों की बोआई और जमाव के लिए अनुकूल स्थिति।
तापमान में गिरावट से रातें ठंडी होंगी, दिन धूपदार।
जागरण संवाददाता, बाराबंकी। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में अगले दो सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। बारिश की संभावना न के बराबर है।
पहले सप्ताह 19 नवंबर तक अधिकतम तापमान सामान्य से आंशिक अधिक 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दूसरे सप्ताह 20 से 26 नवंबर तक अधिकतम तापमान घटकर 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री पर आ जाएगा।
रातें ठंडी होंगी, दिन में धूप खिली रहेगी। इससे स्वास्थ्य खराब होने का खतरा भी है। इसलिए सुबह व रात में गर्म कपड़े पहनकर निकलना चाहिए।
जिला कृषि अधिकारी राजित राम का कहना है कि मौसम की यह स्थिति रबी फसलों की बोआई और जमाव के लिए अनुकूल है।
जिले के किसान इस समय खेतों में गेहूं, सरसों और आलू की बोआई कर रहे हैं। गन्ने की शरदकालीन बोआई और सब्जियों की रोपाई भी चल रही है।