विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाराबंकी में सपा विधायक फरीद किदवई का बड़ा बयान, बोले- कानूनगो बदमाशी कर रहा, मेरी सरकार होती तो...

Published: Sat, 26 Sep 2026 03:55 PM (IST)

सपा विधायक फरीद महफूज किदवई ने बाराबंकी में बाढ़ पीड़ितों को हटाने के मामले में कानूनगो पर बदमाशी का आरोप लगाया है।

बाढ़ पीड़ितों का दर्द छलका तो बोले सपा विधायक फरीद किदवई।

बाढ़ पीड़ितों का दर्द छलका तो बोले सपा विधायक फरीद किदवई।

HighLights

  1. सपा विधायक फरीद किदवई ने कानूनगो पर बदमाशी का आरोप लगाया।

  2. बाढ़ पीड़ितों को भूखंड से हटाने की धमकी पर जताई चिंता।

  3. विधायक ने अपनी सरकार न होने पर बेचारगी और लाचारी व्यक्त की।

संवाद सूत्र, बाराबंकी। कानूनगो बदमाशी कर रहा है...आश्वासन क्या दूं भाई, मेरी सरकार होती तो कहता बैठो सीना तानकर। एसडीएम बेहतर महिला हैं, उनसे फिर बात करूंगा, वह कुछ करेंगी।

यह बातें हैं रामनगर क्षेत्र से सपा के विधायक पूर्व मंत्री हाजी फरीद महफूज किदवई की, जो हेतमापुर के कुछ बाढ़ पीड़ितों को एक भूखंड पर बसाने के बाद हटाने के मामले में एक यूट्यूबर से कर रहे हैं।

किदवई के इस वीडियो में सत्ता में न होने की उनकी लाचारी भी झलक रही है, एक तरफ एसडीएम रामनगर आकांक्षा गुप्ता का नाम लिए बिना कहते हैं कि एसडीएम बेहतर महिला हैं, दूसरी तरफ कानूनगो पर बदमाशी करने का आरोप लगाते हैं।

बीते पखवारे में सरयू नदी के किनारे स्थित हेतमापुर गांव के करीब 30 पक्के घर नदी में कट गए। इनमें से कुछ लोगों को निकट के कुतलूपुर नर्सरी गांव में एक भूखंड रहने के लिए राजस्व कर्मियों ने दिया था।

बाढ़ पीड़ितों को सांत्वना देने यहां पहुंचे विधायक किदवई ने एक स्थानीय यूट्यूबर से अपनी भड़ास निकाली। जमीन देने के बाद फिर हटने की धमकी देने के बारे में पूछे गए सवाल पर विधायक बोले कि उपाध्याय नाम का आदमी कानूनगो है, वही बदमाशी कर रहा है। पहले बसाया फिर हटाने की बात कह रहा है।

हालत बहुत खराब है, गरीबाें के लिए कोई रहम नहीं है, मुझे आम शिकायत मिली है कि कानूनगो गलत कर रहा है, कानूनगो का इंतजाम करता हूं। एसडीएम को मानता हूं कि वह बेहतर महिला हैं, जो करेंगी बेहतर करेंगी। पहले बात की थी, अब दोबारा बात करूंगा कि इन लोगों को यही रहने दिया जाए।

इसके बाद जब विधायक से यह पूछा जाता है कि आपने बाढ़ पीड़ितों को क्या आश्वासन दिया है? इस पर विधायक बेचारगी भरी नाराजगी जताते हुए कहते है कि क्या आश्वासन दूं भाई, मेरी सरकार होती तो कहता सीना तान कर रहो।

इस संबंध में एडीएम निरंकार सिंह का कहना है कि हेतमापुर के कटान से पीड़ित परिवारों को जहां जमीन दी गई है वहीं रहेंगे, उन्हें हटाया नहीं जा रहा है। इस संबंध में एसडीएम से भी बात हुई है। सभी परिवारों को जमीन व आवास के लिए धनराशि भी दी जा रही है।

यह भी पढ़ें- सहारनपुर जनपद के प्रत्येक ब्लाक में होंगे खेल के पांच-पांच मैदान, पार्कों में भी लहलहाएगी हरियाली