बाराबंकी में 15000 से ज्यादा लोगों को मिलेगा पक्का घर, पीएम आवास योजना ग्रामीण के तहत जल्द शुरू होगा आवंटन
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत बाराबंकी को 15,124 आवासों का लक्ष्य मिला है, जिससे गरीब परिवारों का पक्के घर का इंतजार खत्म हो गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बाराबंकी को पीएम आवास ग्रामीण के तहत 15,124 आवास मिले।
सर्वे और एआई सत्यापन के बाद पात्रता सूची तैयार की गई।
अपात्र पाए गए परिवारों को आवास योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
दीपक मिश्रा, बाराबंकी। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पक्के घर का गरीब परिवारों का इंतजार खत्म हो चुका है। वर्ष 2024 से चल रहे सर्वे और पात्रता जांच की प्रक्रिया के बाद केंद्र सरकार ने जिलेवार आवास का लक्ष्य जारी कर दिया है।
बाराबंकी को पहले चरण में 15,124 आवास का लक्ष्य मिला है। अब ब्लॉकवार पात्र परिवारों को आवास आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सर्वे, सत्यापन और ग्राम पंचायतों की खुली बैठकों के बाद पात्रता प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया है। जिले में 79,035 संभावित लाभार्थी सूची में बचे हैं। इन्हीं में से पहले चरण में गरीबों के आवास बनेंगे।
एआई सत्यापन में 39 हजार 965 लोग बाहर
पात्रता तय करने के लिए इस बार तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया। बाराबंकी में कराए गए सर्वे में 1.19 लाख से अधिक लोगों ने आवासहीन होने का दावा किया था। तीन चरणों की जांच के बाद दावेदारों का विवरण आवास प्लस एप पर अपलोड किया गया। लाभार्थियों के फोटो, आधार, जाब कार्ड सहित अन्य विवरणों का एआइ आधारित सत्यापन कराया गया। सत्यापन में 39 हजार 965 दावेदार स्वतः अपात्र पाए गए।
यह भी पढ़ें- बाराबंकी के आशुतोष की बॉलीवुड में एंट्री, 'दायरा' मूवी में करीना-पृथ्वीराज संग की एक्टिंग
इन परिवारों को नहीं मिलेगा आवास का लाभ
- परिवार के पास तीन या चार पहिया वाहन अथवा कृषि मशीनरी होना।
- 50 हजार रुपये से अधिक सीमा वाला किसान क्रेडिट कार्ड होना।
- परिवार में किसी सदस्य का सरकारी नौकरी में होना।
- गैर-कृषि व्यवसाय संचालित करना।
- परिवार के किसी सदस्य की मासिक आय 15 हजार रुपये से अधिक होना।
- आयकरदाता होना या नियमित व्यापारिक गतिविधियां संचालित करना।
- ढाई एकड़ से अधिक सिंचित कृषि भूमि होना।
किस जिले में कितना लक्ष्य
जिला : पीएम आवास का लक्ष्य
- अयोध्या : 7196
- अमेठी : 14,414
- अंबेडकरनगर : 6385
- बाराबंकी : 15,124
- सुलतानपुर : 16,032
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास का लक्ष्य आ गया है। अब ब्लाकवार और पात्रवार आवास आवंटन होना है, जिसकी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। बड़ी संख्या में लक्ष्य मिला है।
राकेश कुमार सिंह, परियोजना निदेशक
