बाराबंकी के आशुतोष की बॉलीवुड में एंट्री, 'दायरा' मूवी में करीना-पृथ्वीराज संग की एक्टिंग
बाराबंकी के युवा रंगकर्मी आशुतोष सोहन गुप्ता ने फिल्म 'दायरा' से बॉलीवुड में कदम रखा है, जिसमें उन्होंने करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

दशहराबाग के आशुतोष की बालीवुड में एंट्री।
HighLights
आशुतोष सोहन गुप्ता ने 'दायरा' फिल्म से बॉलीवुड में कदम रखा है।
करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सच्ची घटना पर आधारित फिल्म में 'बबलू चौबे' का किरदार निभाया।
वी. राजा, बाराबंकी। दशहराबाग के युवा रंगकर्मी आशुतोष सोहन गुप्ता ने फिल्मी दुनिया में बाराबंकी का नाम रोशन किया है। उन्हें मेघना गुलजार की लिखित और निर्देशित हिंदी क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ में महत्वपूर्ण भूमिका मिली है। फिल्म रिलीज हो चुकी है। सोमवार को शहर के अवध माल में फिल्म के प्रमोशन के लिए पहुंचे आशुतोष ने दर्शकों से मुलाकात की।
‘दैनिक जागरण’ से बातचीत में आशुतोष ने बताया कि उन्हें थिएटर का करीब 10 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने भारतेंदु नाट्य अकादमी, लखनऊ से दो वर्ष का थिएटर प्रशिक्षण लिया है।
इसके अलावा एसआरएफटीआइआई कोलकाता से फिल्म अप्रिसिएशन का कोर्स किया है। इससे पहले उनकी लघु फिल्म ‘जान जिगर’ वूट सेलेक्ट पर अनुराग कश्यप द्वारा प्रस्तुत की गई थी।
‘चोजेन फ्यू’ टीवीएफ पर उपलब्ध है, जबकि ‘शुबाक्स’ और ‘हुरदंग’ उनकी आगामी फिल्में हैं। वह एंड टीवी के धारावाहिक ‘जात न पूछो प्रेम की’, ‘मौका-ए-वारदात’ और स्टार प्लस के ‘तोड़ कर दिल मेरा’ में भी काम कर चुके हैं।
फिल्म में बने चौथे आरोपी
दशहराबाग निवासी आशुतोष के मुताबिक, विनीत जैन और धवल जैन द्वारा जंगली पिक्चर्स व पेन स्टूडियोज के बैनर तले बनाई गई फिल्म ‘दायरा’ सच्ची घटना से प्रेरित है। फिल्म में करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में हैं। आशुतोष फिल्म में बबलू चौबे के किरदार में नजर आएंगे और चौथे आरोपी की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म में कंवलजीत सिंह, अचिंत कौर, अनुजा साठे, सीमा आजमी, बिस्वपति सरकार और जितेंद्र जोशी भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी एक युवती के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के बाद पुलिस मुठभेड़ में एसीपी के राष्ट्रीय नायक बनने तथा न्याय और कानून से जुड़े सवालों के इर्द-गिर्द बुनी गई है।
