बाराबंकी के रास्ते 14 करोड़ के शिकारा पक्षियों को विदेश भेजने का मनसूबा नाकाम, वन विभाग हाई अलर्ट
दुर्लभ वन्यजीवों की अंतरराष्ट्रीय तस्करी का राजफाश होने के बाद बाराबंकी में हाई अलर्ट जारी किया गया है।

वन विभाग ने तस्करों के संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी है, जिसमें हाईवे, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे शामिल हैं।
HighLights
अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करी नेटवर्क के खुलासे पर बाराबंकी में अलर्ट।
एसटीएफ ने 14 करोड़ के सात फाल्कन बरामद कर तस्कर को पकड़ा।
वन विभाग ने हाईवे, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों पर निगरानी बढ़ाई।
निरंकार जायसवाल, बाराबंकी। दुर्लभ वन्यजीवों की तस्करी के अंतरराज्यीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का राजफाश होने के बाद बाराबंकी में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। तस्करों के आवागमन के संभावित रास्तों को लेकर वन विभाग ने निगरानी तेज कर दी है।
गोंडा और बहराइच से लखनऊ व दूसरे राज्यों तक फैले तस्करी के नेटवर्क को देखते हुए जिले के सभी प्रमुख हाईवे, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी गई है। इसके लिए वन कर्मियों की अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं।
14 करोड़ के सात फाल्कन मिले तो हुआ अलर्ट
30 अक्टूबर को यूपी एसटीएफ ने लखनऊ के मड़ियांव इरादत नगर से मुंबई निवासी फिरोज मुशर्रत खान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सात फाल्कन बरामद किए थे। जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 14 करोड़ रुपये आंकी गई। इस बरामदगी ने वन्यजीव तस्करी के संगठित नेटवर्क की गंभीरता उजागर कर दी। जिसके बाद यह हाई अलर्ट जारी किया गया है।
जंगलों से विदेशों तक तस्करी
एसटीएफ की पूछताछ में पता चला कि तस्कर संरक्षित और प्रतिबंधित पक्षियों व वन्यजीवों की तस्करी करता था। तस्कर गोरखपुर, लखीमपुर खीरी और सीतापुर के जंगलों से वन्यजीवों को एकत्र करते थे। बाराबंकी होते हुए मुंबई से दुबई, सऊदी अरब और बहरीन जैसे देशों में आपूर्ति की जाती थी।
हाईवे से रेलवे व बस स्टेशन तक पहरेदारी
बाराबंकी में भी तस्करी के संभावित रास्तों को देखते हुए वन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। जिले के प्रमुख हाईवे के साथ रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर वन कर्मियों की टीमें निगरानी कर रही हैं। संदिग्ध वाहनों और यात्रियों पर नजर रखने के साथ दूसरे जिलों की वन विभाग और पुलिस टीमों से भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
गुरुवार रात डीएफओ आकाशदीप बधावन ने ड्यूटी कर रही वन कर्मियों की टीमों की चेकिंग करते हुए निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। डीएफओ ने बताया कि कर्मचारियों को संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों तथा परिवहन के अन्य साधनों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।