बाराबंकी में नेपाल जा रहे LPG टैंकर में गैस रिसाव से मचा हड़कंप, लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर लगा लंबा जाम
बाराबंकी में लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर नेपाल जा रहे एक एलपीजी टैंकर से भीषण गैस रिसाव हुआ। वॉल्व निकलने के कारण ...और पढ़ें
-1775069667540_m.webp)
टैंकर के ऊपर वाल्व लगाती भारत पेट्रोलियम की टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, जागरण, बाराबंकी। 17 टन एलपीजी लेकर नेपाल जा रहे टैंकर से लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर अचानक गैस रिसाव होने लगा। यह रिसाव टैंकर का वॉल्व निकल जाने के कारण होना बताया जा रहा है। दमकल की कई टीमों ने पानी और फाेम डाला और वॉल्व को लकड़ी से बंद करने का प्रयास किया, लेकिन सारे प्रयास असफल रहे।
आखिरकार बंथरा स्थित प्लांट से भारत पेट्रोलियम की टीम को बुलाया गया है। एहतियात के तौर पर हाईवे से गुजरने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया और भीषण जाम लग गया।

यह घटना कोतवाली नगर के असेनी ओवर ब्रिज के सर्विस लेन पर बुधवार को अयोध्या की ओर जाते समय शाम करीब छह बजे हुई। अचानक शुरू हुए गैर रिसाव देखकर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चालक रिसाव के साथ टैंकर को कुछ दूर सुनसान स्थान पर रोक दिया।
रिसाव देख आसपास के लोग दहशत में आ गए। आनन-फानन पहुंची दमकल व पुलिस ने बैरियर लगाकर लोगों को उधर जाने से रोक दिया और दोनों तरफ की ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया।
पुलिस और दमकल के अधिकारी आसपास लोगों को सचेत करते रहे। गैस रिसाव बंद करने के लिए चालक ने वॉल्व की जगह लकड़ी लगाने का प्रयास किया, लेकिन गैस के प्रेशर से वह रुक नहीं सकी। दमकल भी लगातार पानी और झाग (फोम) डालती रही और कई फायर टेंडर का पानी खत्म हो गया।
दोबारा रिफिल कर छिड़काव जारी रखा गया, लेकिन सारे प्रयास असफल रहे। स्थानीय भारत पेट्रोलियम की टीम को भी बुलाया गया, लेकिन वह भी रिसाव नहीं रोक सकी।
रात आठ बजे तक उसी रफ्तार से रिसाव जारी रहा। इस दौरान सीओ संगम कुमार, मुख्य दमकल अधिकारी अनिमेष सिंह अपनी टीम के साथ मुस्तैद रहे। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि यह टैंकर लखनऊ बंथरा प्लांट से एलपीजी लेकर नेपाल जा रहा था।

वॉल्व निकल जाने के कारण काफी तेज से गैस का रिसाव हो रहा है। आसपास सभी को सतर्क किया गया है और मार्ग डायवर्ट कर दिए गए हैं। लखनऊ प्लांट से टीम आ रही है वह गैस रिसाव को बंद करेगी।
भिटरिया व लखनऊ से रोका गया ट्रैफिक
गैर रिसाव की स्थिति को देखते हुए अयोध्या की ओर से आने वाले वाहनों को भिटरिया से हैदरगढ़ की ओर और लखनऊ की ओर से आने वाले भारी वाहनों को किसान पथ पर डायवर्ट कर दिया गया।
छोटे वाहनों को असेनी ओवर ब्रिज से न भेजकर सर्विस लेन से भेजा गया। वहीं, लखनऊ की ओर से आने वाले छोटे वाहनों को सफेदाबाद से पुराने हाईवे की ओर डायवर्ट कर दिया गया। लखनऊ में आईपीएल मैच के कारण यातायात का दबाव बुधवार को और अधिक था।
