सर्राफा व्यापारी से लूट की कोशिश में शामिल दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, बाराबंकी में बड़ी कार्रवाई
बाराबंकी में सर्राफा व्यापारी से लूट के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।

HighLights
सर्राफा व्यापारी से लूट के प्रयास में दो बदमाश गिरफ्तार।
पुलिस मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली।
एक सिपाही भी घायल, दो इनामी बदमाश दबोचे गए।
जागरण संवाददाता, बाराबंकी। सर्राफा व्यापारी से लूट के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो वांछित बदमाशों को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस का एक जवान भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी रामसनेहीघाट पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात करीब एक बजे रामसनेहीघाट क्षेत्र के दुलहदेपुर मोड़ के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान स्कूटी सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से सिपाही अभिषेक के हाथ में चोट आ गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे घायल होकर गिर पड़े।
पूछताछ में दोनों ने 28 अक्टूबर को सर्राफा व्यापारी से लूट के प्रयास की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों को एक दिन पूर्व गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इस प्रकार घटना में शामिल सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का अनावरण कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- गुवाहाटी होटल शूटआउट का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में ढेर, मालिक समेत 5 लोगों की गोली मारकर की थी हत्या
गिरफ्तार आरोपी ग्राम वाड़ी थाना सिधौली जनपद सीतापुर निवासी राहुल दीक्षित पुत्र अनिल दीक्षित
गढ़ी मजरे मऊ गौरपुर थाना रामसनेहीघाट बाराबंकी के सौरभ वर्मा पुत्र संजय वर्मा के रूप में हुई है। राहुल पर 25 हजार रुपये तथा सौरभ पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
दोनों अभियुक्तों के पास से
एक अवैध तमंचा .315 बोर के साथ जिन्दा व खोखा कारतूस
एक तमंचा .12 बोर के साथ एक जिंदा व 1 अदद खोखा कारतूस ,एक बिना नम्बर स्कूटी रंग काली बरामद हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि सर्राफा व्यापारी से लूट के प्रयास की घटना में शामिल दो आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शेष दोनों वांछित आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है।