बाराबंकी में सांप का दांत तोड़ने वाले पिता-पुत्र की मौत, करतब दिखा रहे थे; एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
बाराबंकी के मुनक्कीपुरवा गांव में सांप का तमाशा दिखाने के दौरान एक जहरीले सांप ने पिता-पुत्र को डस लिया। इलाज ...और पढ़ें

सांप के डसने से पिता और पुत्र की मौत।
HighLights
सांप का तमाशा दिखाते समय पिता-पुत्र को जहरीले नाग ने डसा।
गंभीर हालत में लखनऊ रेफर, इलाज के दौरान दोनों की मौत।
मुनक्कीपुरवा गांव में एक साथ दो शवों का अंतिम संस्कार किया गया।
प्रेम अवस्थी, बाराबंकी। जहरीले सांप को पकड़कर उसे तमाशा बनाने वाले पिता-पुत्र की जिंदगी ही सोमवार की रात तमाशा बन गई। जहरीले काले नाग ने उसे पकड़ने वाले युवक को डंसा, उसे बचाने के चक्कर में युवक के पिता को डस लिया।
दोनों को जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां पुत्र को एंटी स्नैक के 20 वायल लगाए गए। फिर भी उसकी आंखों की रोशनी चली गई और गला रुंधने लगा तो गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। दोनों की मौत हो गई। एक साथ पिता-पुत्र के शवों का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया गया।
मामला थाना सतरिख के ग्राम मुनक्कीपुरवा का है। यहां के रहने वाले 60 वर्षीय महेश और उनका 26 वर्षीय पुत्र नौमीलाल दोनों सांप पकड़ लेते थे।
सांप का दांत तोड़ रहे थे
नौमीलाल दाढ़ी व बाल बढ़ाए हुए सपेरों जैसा घूमा करता था, वह लोगों के घरों से सांप भी पकड़ता है। गांव के निकट ही एक पूजा पंडाल में वह सोमवार की रात को जहरीला सांप बाग से पकड़ कर ले गया। उसका तमाशा दिखाने लगा।
लोगों ने समझा कि सांप के जहरीले दांत तोड़ दिए होंगे, लेकिन उसने गांव के लोगों के सामने सांप के जहरीले दांत तोड़ने का प्रदर्शन करने की कोशिश की, तभी पकड़ ढीली पड़ते ही सांप फिसल कर हाथ से छूट गया और नौमीलाल के पांव में डस लिया। भागते सांप को पकड़ने की कोशिश नौमीलाल के पिता महेश ने की, तो उनके भी पांव में डस कर सांप निकल गया।
20 वायल एंटी स्नेक इंजेक्शन लगाए गए
जिला चिकित्सालय में 20 वायल एंटी स्नेक के लगाए जाने के बावजूद नौमीलाल की हालत बिगड़ती गई, जबकि महेश की हालत में सुधार हुआ। महेश ने बताया कि नौमीलाल सांप पकड़ने का शौकीन था, थोड़ी सी चूक से हादसा हो गया।
वहीं नौमीलाल की आंखों से दिखना बंद हो गया। उसका गला रुंधने से बोलती बंद हो गई। वह बार-बार उठकर बैठता और अपना सिर पटकता। उसे संभालना मुश्किल हो गया। तब रेफर कर दिया गया।
वहीं कुछ देर बाद महेश की भी हालत खराब हो गई। दोनों की मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस ने जांच की तो पता चला कि महेश व उनके पुत्र ने करीब दो दर्जन सांप पकड़ कर अपने घर की कोठरी में रखे थे।
