अवध यूनिवर्सिटी से जुड़े कॉलेजों की 3700 छात्राओं को मिलेगी स्कूटी, रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत होगा लाभ
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों की मेधावी छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई स्कूटर योजना के तहत स्कूटी मिलेगी।

महाविद्यालयों की टॉपर छात्राओं को मिलेगी स्कूटी।
HighLights
मेधावी छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई स्कूटर योजना के तहत स्कूटी।
अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों की टॉपर छात्राओं का चयन।
बाराबंकी की 35 छात्राओं सहित 3700 को मिलेगा लाभ।
संवाद सूत्र, बाराबंकी। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में सत्र 2025-26 में सर्वोच्च अंक पाने वाली छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई स्कूटर योजना के तहत स्कूटी दी जाएगी। विश्वविद्यालय स्तर पर करीब 3700 छात्राओं का चयन किया गया है, जिसमें बाराबंकी की 35 होनहार छात्राओं को स्कूटी मिलने के आसार हैं।
जिले में कुल 98 महाविद्यालय संचालित हैं। इनमें दो राजकीय, दो अनुदानित और 94 स्ववित्तपोषित महाविद्यालय शामिल हैं। इन महाविद्यालयों में स्नातक की परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं में से 35 को स्कूटी के लिए चुना जाना है। योजना का उद्देश्य मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करना और उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करना है।
सरकार की मंशा है कि बेटियां उच्च शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनें। स्कूटी मिलने से छात्राओं को महाविद्यालय आने-जाने में सहूलियत होगी। सूची जारी होने के बाद जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को स्कूटी वितरित की जाएगी।
उच्च शिक्षा के नोडल अधिकारी राणा रणबीर सिंह ने बताया कि स्कूटी वितरण की प्रक्रिया सेंट्रलाइज सूची से निर्धारित होगी। मेरिट के आधार पर तैयार सूची विश्वविद्यालय से शासन को भेजी जाएगी। अभी अंतिम सूची फाइनल नहीं हुई है, जल्द ही जारी की जाएगी।
