पंखें में उतरे करंट से महिला की मौत, व्यक्ति झुलसा
दूसरी घटना यूकेलिप्टस पेड़ की छंटाई करने के दौरान करंट उतरने से एक व्यक्ति झुलसा
बाराबंकी : कुर्सी कस्बा के मुहल्ला तमोली टोला में सुबह करीब साढ़े छह बजे रामनाथ की पत्नी रानी (45) घर में झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान रानी ने कमरे में रखा फर्राटा पंखा उठाया तो तार कटे होने के कारण पंखे में उतरे करंट से वह चिपक गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पति रामनाथ ने बताया कि पंखे में तार के कट जाने से करंट उतर रहा था। इसकी जानकारी घर में किसी को नहीं थी। परिवारीजन ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं बड्डूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ककरहा मजरे कतुरीकला निवासी काशिम अली पुत्र नाजिम अली (40) रविवार दोपहर खेतों में लगे यूकेलिप्टस पेड़ों की छंटाई कर रहा था। इसी बीच पेड़ों के पास निकली 11 हजार हाईटेंशन लाइन पर पेड़ की डाल छांटते समय गिर गई। पेड़ पर करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आने से काशिम गंभीर रूप से झुलस गया। परिवारीजन ने उसे इलाज के लिए लखनऊ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। कुर्सी विद्युत उपकेंद्र अधिशासी अभियंता पीके रावत ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। मौके पर लाइन मैन को भेज कर पता करता हूं।