विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 16, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बांदा में मस्जिद निर्माण को लेकर बवाल, हिंदू संगठनों ने किया विरोध; बोले, आस-पास के लोगों को धमकाया जा रहा

By Jagran NewsEdited By: Nitesh Srivastava
Published: Thu, 16 Feb 2023 11:48 AM (IST)

बलखंडी नाका मोहल्ले में निर्माणाधीन मस्जिद के सामने विहिप व बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने बुधवार को धरना दिया और विरोध प्रदर्शन ...और पढ़ें

बलखंडीनाका में निर्माणाधीन मस्जिद के सामने विरोध प्रदर्शन करते विहिप कार्यकर्ताओं को समझाते एसओ बलखंडीनाकाl जागरण
बलखंडीनाका में निर्माणाधीन मस्जिद के सामने विरोध प्रदर्शन करते विहिप कार्यकर्ताओं को समझाते एसओ बलखंडीनाकाl जागरण

जागरण संवाददाता, बांदा: बलखंडी नाका मोहल्ले में निर्माणाधीन मस्जिद के सामने विहिप व बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने बुधवार को धरना दिया और विरोध प्रदर्शन किया। इससे जाम लगा रहा। आरोप लगाया कि मस्जिद के जीर्णोद्धार की अनुमति प्रशासन से ली गई है, यहां लगातार निर्माण चल रहा है। आसपास के मकान वाले पीड़ित हैं। अधिकारियों के मौके पर न पहुंचने पर रोष जताया।

उधर, दूसरे पक्ष ने भी कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन कर विहिप कार्यकर्ताओं पर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। विहिप जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन वेदी की अगुवाई में बुधवार को दोपहर सैकड़ा भर कार्यकर्ता बलखंडी नाका स्थित निर्माणाधीन मस्जिद के सामने धरने पर बैठ गए। नारेबाजी की और आरोप लगाया कि मस्जिद वालों ने प्रशासन से 12 दिसंबर को सिर्फ जीर्णोद्धार की अनुमति ली है, लेकिन यहां एक माह से लगातार निर्माण कराया जा रहा है। इससे आसपास के लोग प्रभावित हो रहे हैं। उन्हें धमकाया जा रहा है।

जिलाध्यक्ष ने उच्चाधिकारियों को मौके पर आने के लिए सूचना दी, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। धरने में चंद्रमोहन वेदी के अलावा नगर मंत्री मनीष मंगल, शनि धुरिया, संगठन मंत्री विवेक खरे, प्रचारक शिवांश ठाकुर, बजरंग दल अक्षत रुपौलिहा, नवल प्रजापति आदि उपस्थित रहे। कहा कि यदि निर्माण तत्काल नहीं रोकवाया जाता तो वह आगे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उनके वर्ग के लोगों को धमकाने का भी आरोप लगाया।

बलखंडीनाका चौकी प्रभारी ने समझा-बुझाकर उन्हें हटाया। उधर, बुंदेलखंड इंसाफ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एएस नोमानी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पहले अशोक लाट में प्रदर्शन किया और फिर कलेक्ट्रेट पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कहा कि विहिप व बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की। निर्माणाधीन मस्जिद में तोड़फोड़ की और मजदूरों के साथ मारपीट की।

कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि एक मस्जिद का जीर्णोद्धार का काम चल रहा था। जिसको लेकर विहिप एवं बजरंग दल के करीब 14-15 लोगों की ओर से आपत्ति व्यक्त की गई। मौके पर पुलिस बल ने दोनों पक्षों को मजिस्ट्रेट के समक्ष अपनी बात रखने के लिए समझाया गया है।