विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी STF ने अवैध रूप से ले जा रहे कोडीन सिरप से भरा डीसीएम पकड़ा, चोर आरोपी गिरफ्तार

Published: Thu, 03 Sep 2026 08:06 PM (IST)

यूपी एसटीएफ ने बांदा में अवैध कोडीन कफ सिरप की बड़ी खेप पकड़ी, जिसकी बाजार कीमत 60 लाख रुपये से ...और पढ़ें

एसटीएफ ने अवैध रूप से ले जा रहे कोडीन सिरप से भरा डीसीएम पकड़ा।

एसटीएफ ने अवैध रूप से ले जा रहे कोडीन सिरप से भरा डीसीएम पकड़ा।

HighLights

  1. यूपी एसटीएफ ने बांदा में अवैध कोडीन सिरप पकड़ा।

  2. 60 लाख रुपये से अधिक की 30 हजार शीशियां बरामद।

  3. दिल्ली से अतर्रा ले जा रहे चार आरोपी गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, बांदा। दिल्ली से नशे के लिए डीसीएम में अवैध रूप से अतर्रा कस्बे ले जाई जा रही कोडीन कफ सिरप की बड़ी खेप को यूपी एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) प्रयागराज ने स्थानीय पुलिस के साथ बिसंडा थाना क्षेत्र के पुनाहुर गांव के पास गुरुवार सुबह करीब छह बजे पकड़ ली। जिसमें 250 पेटियों में भरी 30 हजार शीशियां बरामद हुईं।

एसटीएफ ने पकड़े गए सिरप की खेप का बाजार भाव 60 लाख 45 हजार होने का अनुमान बताया है। गिरफ्तार हुए आरोपित सिरप को लेकर आने संबंधी कोई परिवहन के कागजात फिलहाल कार्रवाई करने वाली टीम को नहीं दिखा पाए हैं।

डीसीएम के चालक व कार सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पकड़े गए दोनों वाहनों को बिसंडा थाने में खड़ा कराया गया है।

जिले में प्रतिबंधित रूप से कोडीन सिरप के अवैध परिवहन और सप्लाई की सूचना एसटीएफ प्रयागराज को लगातार मिल रही थी। जिसको लेकर टीम ने जिले में सक्रिय नेटवर्क से निगरानी शुरू की।

बुधवार रात एसटीएफ के निरीक्षक जेकेराम व एसआई रणंजय को मुखबिर से जानकारी मिली कि बड़ी मात्रा में अवैध रूप से सिरप डीसीएम से बिसंडा थाना क्षेत्र से होकर ले जाया जा रहा है। सूचना पर एसटीएफ ने डीसीएम को ट्रेस करना शुरू किया।इसके लिए एसटीएफ टीम काली स्कार्पियो से बिसंडा पहुंची और थाना पुलिस को सूचना दी।

इसके बाद संयुक्त टीम ने अतर्रा बिसंडा मार्ग स्थित पुनाहुर गांव व बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास से डीसीएम को घेरकर रोक लिया। पीछे से डीसीएम को स्कार्ट कर रही रास्ता दिखा रही कार को भी टीम ने पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर डीसीएम में 250 पेटियों में भरी 30 हजार बोतल प्रतिबंधित कोडीन सिरप बरामद हुआ।पुलिस ने डीसीएम चालक हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के मैना गांव निवासी शेखर के अलावा कार सवार बिसंडा थाना क्षेत्र के नाहर पुरवा निवासी धीरेंद्र, अतर्रा थाना क्षेत्र की लखन कालोनी निवासी प्रवीण उर्फ लकी और रामलीला रोड निवासी रोहित को गिरफ्तार किया है। जिन्हें संयुक्त टीम बिसंडा के पुराने थाने में अलग ले जाकर पूछताछ कर रही है।

प्रयागराज विंग के एसटीएफ प्रभारी सीओ शैलेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में दिल्ली से सिरप लाकर आरोपित अतर्रा कस्बे में सप्लाई के लिए ले जा रहे थे। जिसके बाद सिरप की प्रति शीशी अलग अलग गांवों व कस्बों में 120 रुपये से लेकर 200 रुपये तक बिक्री की जाती है। इनका मास्टर माइंड कौन है। अतर्रा में किसके यहां सप्लाई देना था। वह पहले कितनी बार इस तरह सिरप ला चुके हैं। इसकी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। रात तक मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

नेटवर्क खंगालने में जुटी एसटीएफ

बिसंडा में इतनी बड़ी मात्रा में अवैध रूप से सिरप बरामद होने के बाद एसटीएफ पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सिरप की खेप दिल्ली की किस जगह से आई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों और सिरप की सप्लाई के ठिकानों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

थाना पुलिस व औषधि निरीक्षक विभाग का नेटवर्क रहा फेल

थाना क्षेत्र मे लगातार प्रतिबंधित कोडीन सिरप का अवैध परिवहन इतने बड़े पैमाने पर पुलिस की नाक के नीचे होता रहा। लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। इसी तरह औषधि निरीक्षक विभाग को भी इसकी जानकारी नहीं जुटा पाया। कार्रवाई यूपी एसटीएफ ने अपना जाल बिछाते हुए की।

यह भी पढ़ें- मैनपुरी: तीन महीने की मासूम से दरिंदगी, पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा