सिलेंडर में आग लगने से दो मकान जले, दो भाई झुलसे
संवाद सहयोगी, बबेरू : खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने से दो मकान जलकर राख हो गए। आग
संवाद सहयोगी, बबेरू : खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने से दो मकान जलकर राख हो गए। आग बुझाने के चक्कर में दो सगे भाई झुलस गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। नकदी समेत गृहस्थी जलने से पीड़ितों ने डेढ़ लाख से ज्यादा का नुकसान होना आंका है। घटना को लेकर अफरा-तफरी मची रही है।
कस्बा निवासी कुशल (28) की पत्नी रेशमा सोमवार सुबह घर में गैस चूल्हे में खाना बना रही थी। अचानक सिलेंडर में गैस रिसाव होने से आग लग गई। महिला ने आग बुझाने का प्रयास किया। आग बढ़ने पर वह खुद को बचाने के लिए बाहर की ओर भागी। शोर सुनकर घर में मौजूद पति कुशल व जेठ रामफल (32) ने आग बुझाने का प्रयास किया तो वह दोनों झुलस गए। आग से मकान धू-धू कर जलने लगा। मोहल्लेवासियों ने मामले की सूचना दमकल विभाग को दी। इस बीच सभी ने एकजुट होकर जब तक किसी तरह आग बुझाई तब तक पड़ोसी कोदाराम का भी मकान जल गया। घटना को लेकर अफरा-तफरी मची रही। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने पहुंच कर घटनास्थल देखा। झुलसे दोनों भाइयों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे रामफल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कुशल व उसके पड़ोसी कोदाराम ने बताया कि उनके घर में रखे 32 हजार रुपये व गृहस्थी मकान के साथ जलने में डेढ़ लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है।