विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुंदेलखंड का नया टूरिस्ट स्पॉट बनेगा बांदा का तातुर माता धाम, इको व्यू प्वाइंट से वादियों का दिखेगा अद्भुत नजारा

Published: Thu, 25 Jun 2026 02:23 PM (IST)

बांदा में तातुर माता धाम पर बन रहा इको व्यू प्वाइंट और इको पार्क अंतिम चरण में है, जो बुंदेलखंड का नया पर्यटन केंद्र बनेगा।

एआई जेनेरेटेड तस्वीर

एआई जेनेरेटेड तस्वीर

HighLights

  1. तातुर माता धाम पर इको पार्क का निर्माण अंतिम चरण में।

  2. 1.81 करोड़ की लागत से बन रहा नया पर्यटन केंद्र।

  3. प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक पर्यटन और रोजगार के अवसर।

जागरण संवाददाता, बांदा। बुंदेलखंड की चट्टानी पहाड़ियों और प्राकृतिक वादियों के बीच स्थित तातुर माता धाम जल्द ही जिले के नए पर्यटन केंद्र के रूप में पहचान बनाने जा रहा है। नरैनी क्षेत्र के उदयपुरवा गांव के पास खलारी ग्राम पंचायत के गाजीपुर मजरे में तातुर माता धाम परिसर में विकसित किया जा रहा इको व्यू प्वाइंट और इको पार्क अंतिम चरण में है।

करीब 1.81 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। पार्क के शुरू होने के बाद पर्यटकों को पहाड़ियों की 80 से 90 फिट ऊंचाई से प्राकृतिक वादियों, हरियाली और दूर तक फैले ग्रामीण अंचल का अद्भुत दृश्य देखने को मिलेगा।

तातुर माता मंदिर जिस पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है, वहां पहुंचते ही प्रकृति का अलग ही स्वरूप दिखाई देता है। ऊंची-नीची चट्टानी पहाड़ियां, गहरी वादियां, बरसात के मौसम में हरियाली से ढकी ढलानें और दूर तक फैला प्राकृतिक परिदृश्य इस क्षेत्र को विशेष बनाता है।

इको पार्क विकसित करने की योजना

पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में बनाए गए इको व्यू प्वाइंट से खड़े होकर देखने पर ऐसा प्रतीत होता है मानो पूरी घाटी आंखों के सामने बिछी हो। सुबह सूरज की पहली किरणों के साथ पहाड़ियों पर पड़ने वाली सुनहरी आभा और शाम को सूर्यास्त का दृश्य पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देगा। पर्यटन विभाग ने इसी प्राकृतिक सौंदर्य को पहचानते हुए यहां इको पार्क विकसित करने की योजना तैयार की थी।

परियोजना के तहत व्यू प्वाइंट, सेल्फी प्वाइंट, पर्यटक विश्राम कक्ष, टिकट काउंटर, बैठने की व्यवस्था, आकर्षक स्टेच्यू और सौंदर्यीकरण के कार्य कराए गए हैं। पहाड़ी के विभिन्न हिस्सों में ऐसे स्थान विकसित किए गए हैं, जहां से पर्यटक घाटियों और प्राकृतिक दृश्यों का आनंद ले सकेंगे।

ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे

विशेष बात यह है कि यह क्षेत्र धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन का संगम बनने जा रहा है। तातुर माता मंदिर में नवरात्रि के दौरान हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मेले के दिनों में यहां बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। इको पार्क बनने से श्रद्धालुओं के साथ-साथ प्रकृति प्रेमी, फोटोग्राफी के शौकीन और घूमने आने वाले पर्यटक भी यहां आकर्षित होंगे।

उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड के माध्यम से कराए जा रहे इस निर्माण कार्य की शुरुआत 13 अप्रैल 2025 को हुई थी। परियोजना को अप्रैल 2026 तक पूरा किया जाना था, लेकिन बजट की कमी के कारण कुछ कार्यों की गति प्रभावित हुई।

उप परियोजना प्रबंधक शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि अब तक करीब एक करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। इसके बावजूद अधिकांश निर्माण कार्य पूरे कर लिए गए हैं। अवर अभियंता सूरज के अनुसार केवल लाइटिंग और कुछ फिनिशिंग कार्य शेष हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि परियोजना पूरी होने के बाद यह क्षेत्र चित्रकूट और कालिंजर की तरह प्राकृतिक पर्यटन के नक्शे पर अपनी अलग पहचान बनाएगा।

यह भी पढ़ें- दाम 300 रुपए के पार, फिर भी खरीदने के लिए मची होड़; आखिर अमेरिका के इस सेब में ऐसा क्या है खास?

इससे स्थानीय दुकानदारों, वाहन संचालकों, गाइड और अन्य छोटे व्यवसायों को भी लाभ मिलेगा। साथ ही ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इको पार्क के माध्यम से लोगों को प्रकृति और जैव विविधता के संरक्षण का संदेश मिलेगा। पहाड़ियों की गोद में बसा यह स्थल आने वाले समय में बुंदेलखंड की प्राकृतिक विरासत का नया चेहरा बन सकता है, जहां आस्था, प्रकृति और पर्यटन एक साथ दिखाई देंगे।

उदयपुरवा के पास तातुर माता धाम में विकसित किए जा रहे इको व्यू प्वाइंट एवं इको पार्क का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। यह परियोजना प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है। यहां आने वाले पर्यटकों को पहाड़ियों और वादियों का आकर्षक दृश्य देखने को मिलेगा। शेष फिनिशिंग और लाइटिंग कार्य जल्द पूरा कराकर परियोजना को पर्यटन विभाग को हस्तांतरित करने का प्रयास किया जा रहा है।

                           अमर सिंह राठौर, परियोजना प्रबंधक, उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।