विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्व मंत्री डॉ. सुरेंद्र पाल वर्मा की बेटी ने सौतेले भाई से बताया जान का खतरा, CM योगी से लगाई सुरक्षा की गुहार

Published: Sun, 11 Oct 2026 11:32 AM (IST)

पूर्व मंत्री डॉ. सुरेंद्र पाल वर्मा की बेटी शालिनी सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सुरक्षा की गुहार लगाई है। ...और पढ़ें

पूर्व मंत्री डॉ. सुरेंद्र पाल वर्मा की बेटी शालिनी सिंह

पूर्व मंत्री डॉ. सुरेंद्र पाल वर्मा की बेटी शालिनी सिंह

HighLights

  1. शालिनी सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सुरक्षा मांगी।

  2. सौतेले भाई महेंद्र पाल वर्मा से जान का खतरा बताया।

  3. नंदवारा हत्याकांड और पुराने मामले से जुड़ी धमकी।

जागरण संवाददाता, बांदा। पांच बार विधायक व दो बार मंत्री रहे स्व. डॉ. सुरेंद्र पाल वर्मा की बेटी शालिनी सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र भेजकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने नरैनी थाना क्षेत्र के नंदवारा गांव में 30 सितंबर को दो मासूम भाइयों छह वर्षीय मनोज व चार वर्षीय युवराज पुत्र भइयाराम की हत्या के मामले में फरार आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

शालिनी ने अपने सौतेले भाई व सपा नेता महेंद्र पाल वर्मा उर्फ राजू तथा नरैनी थाने के हिस्ट्रीशीटर ओमकार उर्फ शेरा से जान का खतरा बताया है। इस मामले में नौ लोग नामजद हैं, जिनमें चार आरोपित फरार चल रहे हैं।

महेंद्र पाल की गिरफ्तारी नहीं होने से उसके सत्ता पक्ष के नेताओं से संरक्षण मिलने की भी चर्चा है। पुलिस लगातार दबिश देने की बात कह रही है, लेकिन घटना के 10 दिन बाद भी तक उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

शालिनी ने मुख्यमंत्री को भेजे प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि महेंद्र पाल वर्मा और ओमकार उर्फ शेरा ने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर 31 मई 2005 को उसकी मां रेखा और भाई वैभव उर्फ सोनू की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

शालिनी अपने परिवार की अकेली वारिस

इस मामले में महेंद्र और ओमकार समेत चार लोग करीब चार वर्ष तक जेल में भी रहे। शालिनी के मुताबिक, मां और भाई की हत्या के मामले में महेंद्र भी जेल गया था और करीब चार वर्ष बाद वर्ष 2009 में बाहर आया। यह मुकदमा इलाहाबाद हाई कोर्ट में अभी भी विचाराधीन है।

शालिनी ने बताया कि उनके पिता स्व. डॉ. सुरेंद्र पाल वर्मा ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी कुसुमा देवी से महेंद्र पाल वर्मा उर्फ राजू और नीलम हैं। कुसुमा देवी की भी चार अक्टूबर को बीमारी से मौत हो गई थी। वहीं, दूसरी पत्नी रेखा से वैभव उर्फ सोनू और शालिनी सिंह संतान हैं।

शालिनी का कहना है कि वह अपने परिवार की अकेली वारिस हैं और मां-भाई की हत्या के मुकदमे की पैरोकारी भी कर रही हैं। प्रार्थना पत्र के अनुसार, नंदवारा गांव में दो मासूम भाइयों की हत्या के बाद वह पीड़ित परिवार से मिलने जाती हैं और उनकी मदद कर रही हैं।

आरोप है कि इसी वजह से महेंद्र और ओमकार उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। शालिनी ने अपनी जान को भी खतरा बताते हुए मुख्यमंत्री से दोनों आरोपितों समेत नंदवारा हत्याकांड में फरार चल रहे सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी कराने और गिरफ्तारी होने तक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- ‘नंदवारा में बच्चों की शादी मत करना, अपने लालों को बाहर भेजने में भी डर लगता है', बांदा में मासूमों की मौत के बाद महिला ने की अपील