बंदूक दिखा खनन ठेकेदार दे रहे धमकी
जागरण संवाददाता बांदा बालू खनन का कार्य जिले में तेजी पकड़ रहा है। हालांकि अभी 22 खदानो
जागरण संवाददाता, बांदा : बालू खनन का कार्य जिले में तेजी पकड़ रहा है। हालांकि अभी 22 खदानों में अधिकांश को पर्यावरण एनओसी का इंतजार है। बालू ठेकेदार इन दिनों बंदूक की नोक पर किसानों के खेतों में रास्ता बना रहे हैं। पीड़ित किसान डीएम के यहां शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं, पर उनकी सुनी नहीं जा रही है।
जिले में अभी तक बिना रॉयल्टी जमा किये अवैध खनन चल रहा है। खदान संचालन को अभी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एनओसी नहीं मिली। रास्ता निर्माण में लगे पट्टेधारक व ग्राम प्रधानों सहित उनके गुर्गे पूरी शिद्धत से लगे हैं। किसानों के खेतों में खड़ी फसलें रौंदी जा रही हैं। चिल्ला थाने के सादी मदनपुर में बालू माफिया के गुर्गे बंदूकों की नोक पर रास्ते बनवा रहे हैं। इससे किसान दहशत में हैं। यहां के किसानों ने शनिवार को डीएम आनंद कुमार सिंह की चौखट पर माफिया से खेती बचाने की गुहार भी लगाई है। कहा है कि यहां जबरजस्ती किसानों खेत रौंदकर रस्ता बनाया जा रहा है। विरोध करने पर जानमाल की धमकी दी जाती हैं। खनिज अधिकारी सुभाष सिंह के मुताबिक अभी किसी खदान संचालन कर्ता ने खनिज विभाग में रॉयल्टी जमा नहीं की है, जिससे सभी 22 खदान बंद हैं। उधर, डीएम आनंद सिंह ने बताया कि किसानों की शिकायत का संज्ञान लिया गया है। उप जिलाधिकारी को जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।