कोहरा व शीतलहर से फिर लुढ़का पारा
जागरण संवाददाता बांदा दो दिन थोड़ा राहत मिलने के बाद एक बार फिर सुबह कोहरा व दिन मे
जागरण संवाददाता, बांदा : दो दिन थोड़ा राहत मिलने के बाद एक बार फिर सुबह कोहरा व दिन में चली शीतलहर के कारण पारा लुढ़क गया है। न्यूनतम तापमान तो सामान्य से दो डिग्री नीचे पहुंच गया। दिन में धूप तो खिली रही लेकिन ठिठुरन बिल्कुल कम नहीं हुई।
बर्फीली हवा के कारण मैदानी इलाकों में सर्दी एक बार फिर तल्ख हो गई है। शुक्रवार की सुबह देर तक घना कोहरा छाया रहा। साथ में शीतलहर का प्रकोप जारी रहने से हाड़ कंपा देने वाली सर्द ने मुश्किलें बढ़ा दी। कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. दिनेश साह ने बताया कि न्यूनतम सात व अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। जो सामान्य से नीचे रहा। न्यूनतम में दो डिग्री व अधिकतम में एक डिग्री गिरावट दर्ज की गई है। आर्द्रता 56 से 96 प्रतिशत व हवा की रफ्तार 4.3 किमी प्रति घंटा से 1-9 किमी प्रतिघंटा के बीच रही। दिशा अधिकांशत: दक्षिण पूर्व थी।
कमासिन में शार्ट सर्किट से लगी आग, डेढ़ लाख का नुकसान : शार्ट सर्किट से घर में आग लग गई। लगभग डेढ़ लाख रुपये की क्षति का अनुमान है। हल्का लेखपाल ने घटना की रिपोर्ट तहसीलदार को दी है।
कस्बा कमासिन से आठ किमी दूर ग्राम पंचायत स्योहट निवासी रामकरण पुत्र शिव अवतार यादव के रिहायशी मकान में आग लग गई। बिजली के शार्ट सर्किट से लगी आग से घर का पूरा सामान जलकर खाक हो गया। आग पर ग्रामवासियों की मदद से बमुश्किल काबू पाया गया। घटना की सूचना पाकर हल्का लेखपाल ज्ञानेंद्र कुमार ने मौके पर जाकर आग लगने के कारणों व आग से हुई क्षति का आकलन किया। पीड़ित ने बताया कि लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है।