विवाहिता का शव फांसी पर लटका मिला
नवविवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला
संवाद सहयोगी, मऊ (चित्रकूट) : रैपुरा थानांतर्गत लुधौरा बरेठी गांव में विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रैपुरा थानाक्षेत्र के लुधौरा बरेठी निवासी लाल बहादुर पाल की चार साल पहले करौंदी राम नगर मऊ निवासी 22 वर्षीय मंजू देवी के साथ शादी हुई थी। शनिवार को परिवार के लोग खेत पर फसल काटने गए थे। शाम करीब पांच बजे देवर के लौटने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की के पास से किसी तरह उसने दरवाजा खोला। अंदर पहुंचने पर सन्न रह गया। भाभी मंजू का शव फांसी के फंदे पर लटका था। स्वजन के पहुंचने पर चीख-पुकार मच गई। तहसीलदार मऊ संजय अग्रहरि की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा गया। थानाध्यक्ष रमेश चंद्र ने बताया कि मृतक नवरात्र का व्रत भी रखे थी। खुदकशी करने की वजह नहीं पता चली है। अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। जांच की जा रही है।