छात्राओं को अधिकारों व हेल्प लाइन नंबर की दी जानकारी
जागरण संवाददाता बांदा मिशन शक्ति अभियान के तहत विभिन्न कालेजों में जागरुकता कार्यक्रम आयोि
जागरण संवाददाता, बांदा : मिशन शक्ति अभियान के तहत विभिन्न कालेजों में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित हुए। वक्ताओं ने छात्राओं, महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर की जानकारी देते हुए मार्शल आर्ट का भी प्रशिक्षण दिया।
शहर के राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. दीपाली गुप्ता, सह नोडल अधिकारी डॉ. विनोद सिंह चंदेल, एनएसएस प्रभारी डॉ. सबीहा रहमानी ने छात्राओं को हेल्पलाइन नंबर व अन्य प्रचलित कानूनों के विषय में जागरूक किया। ज्योति मिश्रा, रेंजर प्रभारी जेबा खान, महिला कल्याण अधिकारी आकांक्षा सिंह ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181 कन्या सुमंगला, 1090 वूमेन पावर लाइन, रानी लक्ष्मीबाई बाल सम्मान आदि के विषय में विस्तार से बताया। कहा कि छात्राएं आगे आकर अपने अस्तित्व का बोध कराएं। अपनी शक्ति का परिचय दें। सामाजिक कार्यकर्ता दीपमाला सिंह व कामिनी सिंह ने 1008 चाइल्ड लाइन, 112 डायल समस्याएं अनेक समाधान, स्वास्थ्य सेवा आदि की जानकारी दी। छात्राओं को शारीरिक, मानसिक व सामाजिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। महिला पुलिस आरक्षियों ने छात्राओं को मुसीबत में बचाव के लिए मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया। इसी तरह शहर के खानकाह इंटर कालेज में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा स्वावलंबन से सशक्त बनने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया गया। चिराग फाउंडेशन की सदस्य सबीहा रहमानी ने मिशन शक्ति की उपयोगिता बताई। उपनिरीक्षक मो.अकरम सिद्दीकी ने कहा कि छात्राओं को अपने अधिकारों व सुरक्षा विषयक प्रावधानों को जानना होगा। विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण लेने को प्रेरित किया। इस दौरान जमीर अहमद खान, कृष्णकांत पांडेय, शहाना खान, शाहिद बली खान, अजीत सिंह, तारिक मंसूर खान आदि मौजूद रहे।