आइजी ने देखा घटनास्थल, सुरक्षा को लेकर पुलिस तैनात
संवाद सहयोगी नरैनी देवी पंडाल के पास अराजक तत्वों की फायरिग के मामले में आइजी व एसपी ने
संवाद सहयोगी, नरैनी : देवी पंडाल के पास अराजक तत्वों की फायरिग के मामले में आइजी व एसपी ने घटनास्थल देखा। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस खोखे खोजने का काफी देर तक प्रयास करती रही, लेकिन अभी तक न तो पुलिस कोई खोखे खोज पाई है और न ही गोली चलाने वाले पकड़े गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस तैनात की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कबौली देवी पंडाल के समीप गुरुवार रात अज्ञात किसी अराजक तत्वों ने फायरिग की थी। इसमें एक गोली से देवी पंडाल के नजदीक खंभे में लगा बल्ब टूट गया था जबकि दूसरी गोली से गांव के छेदीलाल का पुत्र अमरसिंह घायल हो गया था। शनिवार को आइजी केसत्यनारायण व एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना कबौली गांव गए। वहां उन्होंने घायल किशोर व उसके स्वजन से घटना के बारे में पूछताछ की। घटनास्थल व गोली चलाने वाले नहर के नजदीक के स्थान को जाकर देखा। ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में जानकारी करने का प्रयास किया। करीब एक किलोमीटर दूर तक गोली के खोखों की खोजबीन कराई गई। अधिकारियों के निर्देश पर गांव में एक एसआइ व दो सिपाहियों की चौबीस घंटे के लिए ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस ने पूछताछ के लिए गांव के कई लोगों को उठाया है। लेकिन अभी तक गोली चलाने वाले की सही जानकारी पुलिस को नहीं हो पाई है। सीओ सियाराम ने बताया कि मामले मे सुरागरसी की जा रही है। शीघ्र गोली चलाने वालों को गिरफ्तार किया जाएगा।