विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फतेहपुर से पन्ना तक आसान होगा सफर, सात से 10 मीटर चौड़ा होगा अंतर्राज्यीय मार्ग

Published: Tue, 08 Sep 2026 04:04 PM (GMT+05:30)

फतेहपुर से पन्ना तक जाने वाले अंतरराज्यीय मार्ग को बांदा होते हुए चौड़ा और मरम्मत किया जा रहा है, जिससे ...और पढ़ें

तस्वीर- फाइल।

तस्वीर- फाइल।

HighLights

  1. नरैनी से एमपी सीमा तक सड़क 7-10 मीटर चौड़ी होगी।

  2. बिसंडा-नरैनी खंड की 7 करोड़ रुपये से मरम्मत की जाएगी।

  3. किसानों, व्यापारियों और यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

जागरण संवाददाता, बांदा। फतेहपुर से बांदा होते हुए मध्य प्रदेश के पन्ना तक जाने वाले अंतरराज्यीय मार्ग की बदहाल और संकरी सड़क की समस्या अब दूर होने जा रही है। 115.950 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के अलग-अलग हिस्सों में सड़क को चौड़ा करने और मरम्मत का काम कराया जा रहा है।

नरैनी से मध्य प्रदेश की सीमा तक 27.550 किलोमीटर सड़क को 79.85 करोड़ रुपये से सात से 10 मीटर तक चौड़ा किया जा रहा है। इसमें करीब 15 किलोमीटर काम पूरा हो चुका है। वहीं बिसंडा से नरैनी तक 29 किलोमीटर सड़क की मरम्मत के लिए सात करोड़ रुपये स्वीकृत हैं।

दोनों हिस्सों का काम पूरा होने के बाद बबेरू, बिसंडा, अतर्रा और नरैनी के लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी। फतेहपुर से औगासी पुल के रास्ते अजयगढ़ और पन्ना तक पहुंचना आसान होगा। किसानों को उपज ले जाने, व्यापारियों को माल ढोने और आम यात्रियों को आवागमन में समय व ईंधन बचाने का लाभ मिलेगा।

नरैनी से एमपी सीमा तक 79.85 करोड़ से काम

फतेहपुर से औगासी, बबेरू, बिसंडा, अतर्रा और नरैनी होते हुए करतल के महाराजपुर स्थित उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सीमा तक जाने वाला मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।

मध्य प्रदेश की सीमा के आगे यही सड़क अजयगढ़ होते हुए पन्ना जिले तक जाती है। नरैनी से मध्य प्रदेश सीमा स्थित अजयगढ़ मार्ग तक 27.550 किलोमीटर सड़क को 79.85 करोड़ रुपये की लागत से सात से 10 मीटर तक चौड़ा किया जा रहा है।

सड़क पर पड़ने वाले पुल और पुलियों की भी मरम्मत कराई जा रही है। फरवरी 2026 में शुरू हुए काम में अब तक करीब 15 किलोमीटर सड़क को चौड़ा किया जा चुका है। बलिया की आरएस कंस्ट्रक्शन कंपनी यह काम करा रही है। कार्य जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

बिसंडा-नरैनी में भी सात करोड़ से मरम्मत

बिसंडा से नरैनी तक करीब 29 किलोमीटर सड़क लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड प्रथम के पास है। इस सड़क की मरम्मत के लिए करीब सात करोड़ रुपये की स्वीकृति मार्च 2026 में मिल चुकी है। इसका बांड भी तैयार हो गया है। वर्षा के बाद जल्द ही काम शुरू होने की संभावना है। बांदा की शुभ इंटरप्राइजेज को यह काम कराया जाएगा और मई 2027 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

औगासी से बिसंडा तक पहले हो चुका काम

औगासी से बिसंडा तक का हिस्सा लोक निर्माण विभाग बांदा के प्रांतीय खंड के पास है। करीब दो वर्ष पहले इस सड़क को चौड़ा करने के साथ मरम्मत कराई गई थी। औगासी के आगे फतेहपुर लोक निर्माण विभाग की ओर से भी सड़क को चौड़ा करने और मरम्मत का काम कराया गया है। इस तरह फतेहपुर से बांदा होते हुए मध्य प्रदेश सीमा तक मार्ग के बड़े हिस्से को बेहतर बनाने का काम अलग-अलग चरणों में किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों की दिक्कत होगी दूर

सड़क के संकरी और खराब होने से कई जगह वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान समस्या और बढ़ जाती है। सड़क सात से 10 मीटर तक चौड़ी होने और पुल-पुलियों की मरम्मत से इन दिक्कतों में कमी आएगी। वाहनों को निकलने के लिए अधिक जगह मिलेगी और आम यात्रियों को भी सफर में सुविधा होगी।

किसानों और व्यापारियों को सीधा फायदा

यह मार्ग केवल आवागमन का रास्ता नहीं, बल्कि बांदा के ग्रामीण क्षेत्रों को मध्य प्रदेश के बाजारों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग भी है। सड़क बेहतर होने से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक ले जाने में आसानी होगी। व्यापारियों के लिए माल की आवाजाही सुगम होगी। वाहन खराब सड़क पर कम समय फंसेंगे, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

यह भी पढ़ें- वाराणसी में बरसात खत्म होते ही अमरा अखरी से भिखारीपुर मार्ग पर स्टॉर्म वाटर ड्रेन और सड़क मरम्मत की शुरुआत

पर्यटन व अंतरराज्यीय संपर्क को मिलेगा लाभ

नरैनी क्षेत्र से मध्य प्रदेश की सीमा और आगे अजयगढ़-पन्ना तक सड़क बेहतर होने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन बढ़ने की उम्मीद है। पन्ना और अजयगढ़ जाने वाले लोगों के लिए बांदा होकर जाने का रास्ता अधिक सुविधाजनक होगा। इससे स्थानीय व्यापार के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी लाभ मिल सकता है।

सड़क चौड़ी होने से आने-जाने में काफी सुविधा होगी। अभी कई जगह सड़क संकरी होने से परेशानी होती है।

- खुशबू सोनकर, निवासी कस्बा नरैनी

सड़क की मरम्मत होने से गांव से नरैनी और मध्य प्रदेश जाने में आसानी होगी। किसानों को उपज ले जाने में भी सहूलियत मिलेगी।

- भोलेन्द्र सिंह, निवासी पवैया, बिसंडा

बिसंडा से नरैनी तक 29 किलोमीटर सड़क की मरम्मत के लिए बांड तैयार हो चुका है। वर्षा के बाद जल्द काम शुरू कराया जाएगा।

- राजेश सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड प्रथम

नरैनी से मध्य प्रदेश सीमा तक सड़क को सात से 10 मीटर तक चौड़ा करने का काम चल रहा है। करीब 15 किलोमीटर काम पूरा हो चुका है और शेष काम निर्धारित समय में पूरा कराया जाएगा।-

विनय कुमार सिंह, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, बांदा