विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में बरसात खत्म होते ही अमरा अखरी से भिखारीपुर मार्ग पर स्टॉर्म वाटर ड्रेन और सड़क मरम्मत की शुरुआत

By Ravi PandeyEdited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 08 Sep 2026 02:34 PM (IST)

दैनिक जागरण द्वारा अमरा अखरी-भिखारीपुर मार्ग पर जलजमाव और गड्ढों की समस्या उजागर हुई। अब बरसात खत्म होते ही 14.89 ...और पढ़ें

HighLights

  1. अमरा अखरी-भिखारीपुर मार्ग पर जलजमाव, गड्ढों की समस्या।

  2. 14.89 करोड़ से स्टॉर्म वाटर ड्रेन, सड़क मरम्मत कार्य।

  3. बरसात बाद शुरू होगा स्थायी कार्य, भारी वाहनों पर रोक।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। अमरा अखरी बाईपास से भिखारीपुर मार्ग पर जलजमाव और गड्ढे के कारण हो रही जनसमस्या को दैनिक जागरण ने लगातार प्रमुखता से प्रकाशित किया है । जिसके बाद महापौर ने भी सभी विभागों को बुलाकर समस्या के समाधान का निर्देश देते हुए राहत कार्य शुरू कराया। लेकिन लगातार हो रहे बरसात के कारण सड़क पर जलजमाव से सड़क में बड़े बड़े गड्ढे हो गए।

जिसपर आए दिन आटो और बाइक सवार गिर रहे हैं। नगर निगम और पीडब्ल्यूडी की तरफ से लगातार टैंकर से पानी निकालकर गड्ढों में गिट्टी और भस्सी डालकर सही कराया जा रहा है, लेकिन बरसात और आसपास के लोगों द्वारा सड़क पर पानी बहाने के कारण सड़क खराब हो रही है । जिसको देखते हुए मार्ग पर दोनों तरफ स्टॉर्म वाटर ड्रेन और मरम्मत कार्य के लिए शासन की तरफ से धन स्वीकृत हो चुका है। 

14.89 करोड़ की लागत से  स्टॉर्म वाटर ड्रेन के अलावा सड़क मरम्मत का कार्य बरसात बंद होते ही शुरू कराया जाएगा। यह कार्य लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत कराया जाएगा । सोमवार को जागरण वेब पर चली खबर और वीडियो देखकर लोक निर्माण विभाग द्वारा तत्काल सड़क पर हुए गड्ढों में गिट्टी डालकर रोलर से समतल कराया गया लेकिन मंगलवार की सुबह बरसात होने के कारण फिर से जलजमाव हो गया।

लोक निर्माण विभाग के एक्सियन आशुतोष सिंह ने यातायात विभाग को पत्र लिखकर भारी वाहनों पर रोक लगाने की अपील किया गया है। एक्सियन के अनुसार जलजमाव से सड़क कट चुकी है। भारी वाहनों से दबकर गड्ढे हो रहे हैं, जिससे लोगों की समस्या को देखते हुए बड़े वाहनों पर रोक लगाना ज़रूरी है।