नाली के विवाद में फरसे लाठी से किसान की हत्या
संवाद सहयोगी नरैनी नाली के विवाद में पड़ोसी पिता-पुत्रों ने मिलकर किसान पर फरसा व लाठी स
संवाद सहयोगी, नरैनी (बांदा): नाली के विवाद में पड़ोसी पिता-पुत्रों ने मिलकर किसान पर फरसा व लाठी से हमला कर दिया। हमले से घायल किसान को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी।
नरैनी थाना क्षेत्र के ग्राम नंदवारा निवासी 55 वर्षीय राममूरत सिंह राजपूत को पड़ोसी वीर सिंह व उसके पुत्रों रामजस, नन्ना, दीपू और भाई बाबू ने फरसा, लाठी से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। भाई रामशरण ने बताया कि वीर सिंह अपने घर की नाली का पानी राममूरत के दरवाजे पर बहाता है। नाली के पानी के साथ कचरा उसके दरवाजे पर इकट्ठा हो गया था। राममूरत ने शुक्रवार की सुबह कचरा साफ कर बीच रास्ते में इकट्ठा कर दिया था। इसी बात पर हमलावर वीर सिंह की पत्नी ने पहले इसका विरोध किया। इसके बाद उसने घर जाकर पुरुषों को बता दिया। जिसके बाद सभी ने मिलकर राममूरत पर हमला कर दिया।
रामशरण ने बताया कि राममूरत के पास 15 बिस्वा जमीन है। इस जमीन को लेकर वीर सिंह अक्सर विवाद करता था। वह कहता था कि यह चक रोड है। कुछ दिन पहले वीर सिंह ने अपने ट्रैक्टर से उसकी गेहूं की फसल रौंद दी थी।
संबंधित खबर पेज पांच पर