बांदा में नकाबपोश बदमाश ने महिला से मारपीट कर जेवर लूटे, इलाज के दौरान मौत
बांदा के अतर्रा थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय किशोरी देवी की खेत में रखवाली के दौरान नकाबपोश ने मारपीट कर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
70 वर्षीय किशोरी देवी पर नकाबपोश ने किया हमला।
खेत में रखवाली के दौरान जेवर लूटकर भागा आरोपी।
घायल महिला की अस्पताल ले जाते समय हुई मृत्यु।
जागरण संवाददाता, बांदा। अतर्रा थाना क्षेत्र के खमहौरा गांव निवासी 70 वर्षीय बेवा किशोरी देवी शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर से करीब दो किलोमीटर दूर खेत में बोई फसल की रखवाली करने गई थीं।
इसी दौरान एक नकाबपोश युवक वहां पहुंचा और रास्ता पूछने के बहाने महिला को रोक लिया। आरोपित ने उनके नाक में पहने फूल को झपटने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने मुक्कों से महिला के चेहरे और छाती पर हमला कर दिया और नाक का फूल(जेवर) लेकर भाग गया।
मारपीट के बाद बदहवास महिला खेत से घर लौट रही थीं। कुछ दूरी पर वह अचेत होकर गिर गईं। कुछ देर बाद वहां से गुजरे ग्रामीणों ने उसे अचेत अवस्था में देखा और घर पहुंचाया। होश में आने पर किशोरी देवी ने स्वजन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्वजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। स्वजन घायल महिला को मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। नकाबपोश आरोपित की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- बांदा में मां की आंखों के सामने ओझल हुआ मासूम, 26 घंटे बाद चंद्रावल नदी में मिला शव
