विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांदा में कच्ची दीवार गिरने से पिता-पुत्री की मौत, मां व दूसरी बेटी गंभीर

Published: Wed, 26 Aug 2026 02:57 PM (GMT+05:30)

बांदा के तराया गांव में पड़ोसी की कच्ची दीवार गिरने से राजेश सिंह और उनकी छह माह की बेटी रश्मि ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बांदा में दीवार गिरने से पिता-पुत्री की मौत।

  2. पड़ोसी की कच्ची दीवार ढहने से हुआ हादसा।

  3. मां और दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल, इलाज जारी।

जागरण संवाददाता, बांदा। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के तराया गांव में बुधवार रात करीब दो बजे पड़ोसी रामदास की कच्ची मिट्टी की दीवार राजेश सिंह के घर की नौ इंची पक्की दीवार पर दबाव डालते हुए उसके ऊपर गिर गई। इससे घर में सो रहे 40 वर्षीय राजेश सिंह, उनकी पत्नी 35 वर्षीय सावित्री देवी और दो बेटियां मलबे में दब गईं।

ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू पहुंचाया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बुधवार सुबह इलाज के दौरान राजेश सिंह और उनकी छह माह की बेटी रश्मि की मौत हो गई। सावित्री देवी और तीन वर्षीय बेटी लक्ष्मी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

तराया गांव निवासी राजेश सिंह पुत्र सुघर सिंह खेती-किसानी करते थे और करीब आठ बीघा जमीन के काश्तकार थे। मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। रात करीब दो बजे पड़ोसी रामदास की कच्ची मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई। दिवंगत के बड़े भाई फूलचंद्र के अनुसार, दीवार का दबाव राजेश के घर की नौ इंची पक्की दीवार पर पड़ा, जिससे वह भी ढह गई और पूरा मलबा घर के अंदर आ गिरा। इसकी चपेट में राजेश, उनकी पत्नी सावित्री और दोनों बेटियां आ गईं।

दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर चारों को बाहर निकाला। आनन-फानन सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बुधवार सुबह इलाज के दौरान राजेश सिंह और उनकी छह माह की पुत्री रश्मि की मौत हो गई। सावित्री देवी और तीन वर्षीय लक्ष्मी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

सूचना पर बबेरू कोतवाली पुलिस के साथ क्षेत्रीय विधायक विशंभर सिंह यादव, पूर्व मंत्री शिवशंकर पटेल और मुन्ना सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने स्वजन को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया। बबेरु कोतवाली प्रभारी संजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि दीवार गिरने की घटना की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।